भाजपा नेता संदीप म्‍हात्रे अरेस्ट, नवी मुंबई पुलिस ने दर्ज की शिकायत, जानिए पूरा मामला

मुंबई, भाजपा नेता संदीप म्हात्रे को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। नवी मुंबई पुलिस के डीसीपी सुरेश मेंगड़े के अनुसार संदीप म्हात्रे ने जो पोस्‍ट साझा की थी इससे दो गुटों के बीच झगड़ा हो गया था। म्हात्रे के खिलाफ आईपीसी की धारा 153ए, 500 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह मामला शिवसेना के कुछ समर्थकों की शिकायत के बाद दर्ज किया गया है।

नवी मुंबई में कोपर खैरणे पुलिस ने संदीप म्हात्रे को गिरफ्तार किया है। संदीप म्हात्रे पर आरोप है कि उन्होंने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लेकर फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्‍पणी की थी। इस संबंध में शिवसैनिकों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने म्हात्रे के खिलाफ कार्रवाई की।

जानें कौन है संदीप म्हात्रे

संदीप म्हात्रे नवी मुंबई के कोपर खैरणे इलाके के सामाजिक कार्यकर्ता हैं और भाजपा विधायक गणेश नाइक के कट्टर समर्थक माने जाते हैं। संदीप म्हात्रे की पत्नी भी पार्षद रह चुकी हैं। 

गौरतलब है कि इससे पहले मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और उनकी पत्‍नी रश्मि ठाकरे, राकांपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को बदनाम करने के आरोप में जितेन गजारिया के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस संबंध में शिवसेना के उपनगरीय आयोजक उमेश वाघ ने साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी और जितेन गजारिया के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

भाजपा सोशल मीडिया सेल के प्रभारी जितेन गजरिया ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की पत्नी रश्मि ठाकरे को ‘मराठी राबड़ी देवी’ कहा था। यही विवाद का कारण बना। इस बारे में गजारिया से वीरवार को 4 घंटे पूछताछ की गई। बता दें कि इसके अलावा, गजरिया पर कथित तौर पर जाति और धर्म को लेकर एक विवादित पोस्ट अपलोड करने का भी आरोप है।