7वां वेतन आयोग: जनवरी में फिर बढेगा महंगाई भत्ता, जानिए आपकी सैलरी में कितना होगा इजाफा

नई दिल्ली: केंद्रीय कर्मचारियों को नए साल के पहले ही महीने में फिर से खुशखबरी मिलने वाली है. जनवरी 2022 में एक बार फिर से महंगाई भत्ता बढ़ना तय है. यानी कर्मचारियों की सैलरी में फिर से बंपर इजाफा होगा. लगभग तीन साल से केंद्रीय कर्मचारियों की फिटमेंट फैक्टर को लेकर की जा रही मांग पर केंद्र सरकार फैसला ले सकती है.

फिर बढ़ेगी कर्मचारियों की सैलरी 

अगर केंद्रीय कर्मचारियों का फिटमेंट फैक्टर बढ़ता है तो उनकी बेसिक सैलरी में बड़ा इजाफा होगा. हालांकि, महंगाई भत्ते (DA Hike) में कितना इजाफा होगा, यह तय नहीं हुआ है. अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (AICPI) के नवंबर के आंकड़े आ चुके हैं. AICPI इंडेक्स के आंकड़ों के अनुसार, 2 से 3% डीए बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है.

आपको बता दें कि अभी केंद्रीय कर्मचारियों को 31 फीसदी महंगाई भत्ता मिल रहा है. अगर जनवरी में डीए में 2% से 3% की बढ़ोतरी होती है तो कर्मचारियों को 33 से 34 फीसदी DA मिलने लगेगा. यानी एक बार फिर कर्मचारी की सैलरी में बढ़ोतरी होगी.

नए साल में कर्मचारियों को मिलेगी खुशखबरी!

दिसंबर 2021 के अंत तक केंद्र के कुछ विभागों में प्रमोशन (Promotions) होंगे. इसके अलावा Budget 2022 से पहले फिटमेंट फैक्टर (Fitment factor) को लेकर भी चर्चा हो रही है जिस पर फैसला आ सकता है. अगर ऐसा हुआ तो न्यूनतम सैलरी (Minimum basic salary) में भी बढ़ोतरी होगी. लेकिन, फिलहाल महंगाई भत्ते को लेकर AICPI इंडेक्स का आंकड़ा क्या कहता है, आइए जानते हैं.

DA Calculator from July 2021

महीना                     अंक         DA प्रतिशत
जुलाई 2021              353          31.81%
अगस्त 2021             354          32.33%
सितंबर 2021            355          32.81%
अक्टूबर 2021            –                 –
नवंबर 2021               –                 –
दिसंबर 2021             –                  –

DA अंक की गणना 

जुलाई के लिए कैलकुलेशन- 122.8X 2.88 = 353.664
अगस्त के लिए कुलकुलेशन- 123X 2.88 = 354.24
सितंबर के लिए कैलकुलेशन- 123.3X 2.88 = 355.104

DA में होगा 3 फीसदी का इजाफा

AICPI इंडेक्स के नवंबर के आंकड़ों को देखें तो इंडेक्स 125.7 है. यानी महंगाई भत्ता (Dearness allowance) 33 फीसदी हो चुका है. यानी इस हिसाब से इसमें 2 फीसदी का इजाफा हो चुका है. हालांकि, अभी अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर के आंकड़ें नहीं आए हैं. उम्मीद की जा रही है कि इसमें 1 फीसदी का और इजाफा हो सकता है. अगर दिसंबर 2021 तक CPI(IW) का आंकड़ा 125 तक रहता है तो महंगाई भत्ते में 3 फीसदी का इजाफा निश्चित है. यानी कुल डीए 3% बढ़कर 34 फीसदी हो जाएगा. इसका भुगतान जनवरी 2022 से होगा और केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी में इजाफा हो जाएगा.

34 परसेंट DA पर कैलकुलेशन 

3 परसेंट महंगाई भत्ता बढ़ने के बाद, कुल DA 34 परसेंट हो जाएगा. अब 18,000 रुपये की बेसिक सैलरी पर कुल सालाना महंगाई भत्ता 73,440 रुपये होगा. लेकिन अंतर की बात करें तो सैलरी में सालाना इजाफा 6,480 रुपये होगा.

न्यूनतम बेसिक सैलरी पर कैलकुलेशन
1. कर्मचारी की बेसिक सैलरी                     18,000 रुपये 
2. नया महंगाई भत्ता (34%)                      6120 रुपये/माह
3. अब तक महंगाई भत्ता (31%)                5580 रुपये/माह
4. कितना महंगाई भत्ता बढ़ा                      6120- 5580 = 540 रुपये/माह
5. सालाना सैलरी में इजाफा                      540X12= 6,480 रुपये

अधिकतम बेसिक सैलरी पर कैलकुलेशन
1. कर्मचारी की बेसिक सैलरी                     56900 रुपये 
2. नया महंगाई भत्ता (34%)                      19346 रुपये /माह
3. अबतक महंगाई भत्ता (31%)                 17639 रुपये /माह
4. कितना महंगाई भत्ता बढ़ा                      19346-17639= 1,707 रुपये/माह
5. सालाना सैलरी में इजाफा                       1,707 X12= 20,484 रुपये