पंजाब राहुल गांधी इस दिन सीएम फेस का करेंगे ऐलान, कांंग्रेस प्रभारी ने की पुष्टि

चंडीगढ़, पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का मुख्‍यमंत्री चेहरा कौन होगा, इस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। कांंग्रेस इसके लिए फोन पर रायशुमारी करा रही है। पंजाब कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने भी अब पुष्टि की है कि पंजाब में कांग्रेस के सीएम फेस का ऐलान 6 फरवरी को हो जाएगा। उन्‍होंंने  कहा है कि फरवरी को राहुल गांधी लुधियाना में वर्चुअल रैली को संबोधित करेंगे और यहीं पर मुख्यमंत्री के चेहरा का भी ऐलान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि राज्य के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों से पार्टी के उम्मीदवार चुनाव आयोग के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए तय संख्या में पार्टी वर्करों और लोगों को वर्चुअल रैली से जुड़ेंगे। कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए एक सवाल के जवाब में चौधरी न कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू और चरणजीत सिंह चन्नी ने राहुल गांधी को भरोसा दिलवाया है कि जिसे भी मुख्यमंत्री का चेहरा बनाया जाएगा, दूसरा उसे स्वीकार करेगा और पूरी तनदेही के साथ काम करेगा। यह भरोसा दोनों ही नेताओं ने पंजाब के लोगों से ही किया है।

बता दें कि मुख्यमंत्री का चेहरे को लेकर चरणजीत सिंह चन्नी और नवजोत सिंह सिद्धू दोनों ही दावेदार है। कांग्रेस पार्टी द्वारा मोबाइल पर करवाए जा रहे सर्वे में भी इन्हीं दोनों में से किसी एक को मुख्यमंत्री चुनने या न चुनने का विकल्प दिया गया है। हालांकि पार्टी लगातार यह संकेत देती रही है कि चरणजीत सिंह चन्नी ही पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस का मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे।

एक सवाल के जवाब में हरीश चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास 100 साल पुराना है। उसके पास लोगों की राय जानने व कार्यकर्ताओं की भावनाओं को समझने के कई तरीके है। जब इलेक्ट्रानिक युग नहीं था तब भी पार्टी मुख्यमंत्री की घोषणा करती रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोगों द्वारा लिए गए राय और उनके फीडबैक को सार्वजनिक नहीं करेगी। कांग्रेस आम आदमी पार्टी की तरह ढकोसला नहीं करने वाली है। आप ने तो मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करने में भी पंजाब के लोगों को धोखा दिया। कांग्रेस अपनी प्रक्रिया को उजागर नहीं करेगी।