बिहार में शादी समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान दुल्हन की भाभी को सर में लगी गोली, हुई मौत

बिहार में शादी एवं अन्य समारोहों के दौरान हर्ष फायरिंग के दौरान कई लोगों की मौत हो चुकी है। लेकिन प्रशासनिक लापरवाही या लोगों की नामसझी से हर्ष फारयिंग की घटनाएं रूक नही रही हैं। बिहार के अरवल जिले में आयोजित एक शादी समारोह में दुल्हन की भाभी हर्ष फायरिंग की शिकार हो गयी। जयमाला के दौरान चली गोली भाभी के सर में लग गई। इलाज के दौरान भाभी ने दम तोड़ दिया तो शादी का माहौल मातम में बदल गया। रस्मों और रिवाजों को भूल आनन फानन में शादी संपन्न कर घर वाले फरार हो गए। परिजनों ने मृतका के शव को भी गायब कर दिया है जिसकी तलाश में पुलिस जुट गयी है।

अरवल जिले के कलेर गांव स्थित एक शादी समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली चलने से एक महिला की मौत हो गई।
कलेर गांव के कमलेश चौधरी के घर उनकी बेटी मीना की बारात आई थी तो दूसरी ओर उसके पुत्र रंजीत कुमार का तिलक था। शादी की जयमाला की रस्म निभाई जा रही थी। इस दौरान जैसे ही वर-वधू ने एक दूसरे के गले में माला डाला कि एक संबंधी ने गोली चला दी। हर्ष फायरिंग की गोली एक महिला के सिर में गोली लग गयी। महिला सावित्री देवी दुल्हन बनी मीना की भाभी थी। आनन-फानन में सावित्री को कलेर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल के रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार कमलेश चौधरी की बेटी मीना कुमारी की बारात पटना जिले के रानी तालाब थाना के बराह गांव से आई थी। जयमाला के दौरान गोली चलने से पटना जिले के पालीगंज थाना क्षेत्र के परियो गांव की सावित्री देवी नामक महिला की मौत हो गई। मृतक महिला शादी समारोह में भाग लेने के लिए दो दिन पहले से आई हुई थी।

इस मामले में पुलिस ने मृतक के देवर रंजीत कुमार से पूछताछ की तो उसने बताया कि पिस्टल से गोली चली जिससे सावित्री देवी की मौत हो गई। बताया जाता है कि मृतक महिला के तीन बच्चे भी हैं। सावित्री की मौत की खबर आने के बाद शादी समारोह में अफरा तफरी हो गयी। आनन फानन में शादी संपन्न करा कर रात्रि लगभग एक बजे ही लड़की की विदाई भी कर दी गयी। बेटी की विदाई के बाद घर वाले सभी लोग गांव छोड़कर फरार हो गए। उधर सावित्री देवी का शव लेकर इलाज कराने निकले लोग भी शव लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी कलेर थाना को सुबह प्राप्त हुई।

मौके पर थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने दल बल के साथ पहुंचकर पूछताछ की। शव की तलाश में पुलिस पालीगंज थाना अंतर्गत परियो गांव के लिए रवाना हो गई।

इधर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ पीयूष ने बताया कि रात्रि में सिर में चोट लगी महिला को अस्पताल में लाया गया था। परिजनों के द्वारा बताया गया कि पटाखे से चोट लगी है। उसे शुरुआती इलाज करके महिला को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टर ने बताया कि सिर में चोट लगी थी काफी खून निकल रहा था।

इस घटना को लेकर एसपी राजीव रंजन ने बताया कि अब तक फायरिंग की खबर नहीं है। लेकिन एक महिला की मौत का मामला सामने आया है । शव बरामद नहीं हुआ है। कलेर थाना में किसी भी व्यक्ति द्वारा प्राथमिकी दर्ज नहीं करायी गयी है। आगे जांच चल रही है प्राथमिकी दर्ज कराए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।