पंजाब: सीएम चन्नी के भांजे की बढ़ी मुश्किलें, 10 मार्च तक बढ़ाई गई न्यायिक हिरासत

जालंधर, अवैध रेत खनन को लेकर गिरफ्तार किए गए पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के भांजे भूपेंद्र सिंह हनी की न्यायिक हिरासत 10 मार्च तक बढ़ा दी गई है। ईडी ने 12 जनवरी को भूपेंद्र सिंह हनी के मोहाली स्थित घर पर छापामारी करके लगभग 8 करोड़ रुपये बरामद किए थे। हनी के दोस्त के घर से भी दो करोड़ रुपये बरामद किए गए थे। मामले में हनी को तीन फरवरी की रात ईडी ने गिरफ्तार कर लिया था।

बता दें, हनी तीन फरवरी को ईडी के समक्ष पेश होने के लिए आया था। यहीं से उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। इसके बाद 4 फरवरी को हनी को अदालत में पेश किया गया। अदालत में ईडी को हनी का चार दिन का रिमांड मिला। आठ फरवरी को एक बार फिर हनी को अदालत में पेश किया गया। हनी को फिर से तीन दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। रिमांड खत्म होने पर 11 फरवरी को उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। ईडी की छापेमारी में भूपेंद्र सिंह हनी व उसके साथियों के ठिकानों से करोड़ों रुपये और महंगा सामान बरामद हुआ था। ईडी की जांच में इसका स्रोत अवैध खनन, तबादलों एवं नियुक्तियों को बताया गया।

ईडी ने चरणजीत सिंह चन्नी के भांजे के घर उस समय छापा मारा था, जब पंजाब में चुनाव पीक पर था। चन्नी ने इसके पीछे राजनीतिक कारण बताए थे। कहा कि उन्हें बदनाम करने के लिए उनके रिश्तेदार के घर पर छापा मारा गया है। इस मामले में चन्नी के साथ पूरी कांग्रेस खड़ी हो गई थी। वहीं, ईडी छापामारी में हनी के घर बरामद नकदी के बाद अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने भी चन्नी को निशाने पर ले लिया था। मतदान से पूर्व पंजाब चुनाव में यह मामला खूब उछला।