छठवें चरण के चुनाव प्रचार आज शाम होगा खत्म, दस जिलों की इतने सीटों पर 3 मार्च को मतदान

लखनऊ, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के छठवें चरण का प्रचार मंगलवार शाम छह बजे थम जाएगा। तीन मार्च को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी तरीके से मतदान कराया जाएगा, इस संबंध में आवश्यक तैयारियां व व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए हैं। मतदान का समय सुबह 7 से शाम 6 बजे तक रहेगा। छठें चरण में 11 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। इस चरण में कुल 676 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के छठवें चरण में प्रदेश के 10 जिलों की 57 विधान सभा सीटों के लिए सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान करने का समय तय है। दस जिलों में आंबेडकर नगर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीर नगर, महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया व बलिया की विधान सभा सीटें शामिल हैं। प्रत्याशियों की ओर से किए जा रहे प्रचार-प्रसार पर रोक मतदान समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी। पोलिंग बूथ पर मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए समुचित व्यवस्था कराने के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

इन सीटों के लिए पड़ेंगे वोट : 57 विधान सभा सीटों में कटेहरी, टांडा, आलापुर (सुरक्षित), जलालपुर, अकबरपुर, तुलसीपुर, गैंसड़ी, उतरौला, बलरामपुर (सुरक्षित), शोहरतगढ़, कपिलवस्तु (सुरक्षित), बांसी, इटवा, डुमरियागंज, हरैया, कप्तानगंज, रुधौली, बस्ती सदर, महादेवा (सुरक्षित), मेंहदावल, खलीलाबाद, धनघटा (सुरक्षित), फरेंदा, नौतनवा, सिसवा, महराजगंज (सुरक्षित), पनियरा, कैम्पियरगंज, पिपराइच, गोरखपुर शहर, गोरखपुर ग्रामीण, सहजनवा, खजनी (सुरक्षित), चौरी-चौरा, बांसगांव (सुरक्षित), चिल्लूपार, खड्डा, पडरौना, तमकुही राज, फाजिलनगर, कुशीनगर, हाटा, रामकोला (सुरक्षित), रुद्रपुर, देवरिया, पथरदेवा, रामपुर कारखाना, भाटपार रानी, सलेमपुर (सुरक्षित), बरहज, बेल्थरा रोड (सुरक्षित), रसड़ा, सिकन्दरपुर, फेफना, बलिया नगर, बांसडीह व बैरिया सीटें हैं।