रूस-यूक्रेन के बीच आज शाम होगी दूसरे दौर की वार्ता,युद्ध विराम को लेकर कुछ बिंदुओं पर बनी थी सहमति

रूस और यूक्रेन के बीच पहले दौर की शांति वार्ता में युद्धविराम को लेकर कुछ बिंदुओं पर सहमति बनी थी। जिसके बाद जल्द ही दूसरे दौर की वार्ता को लेकर संकेत दिए गए थे। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक क्रेमलिन के प्रवक्ता का कहना है कि रूसी प्रतिनिधिमंडल बुधवार शाम यूक्रेनी अधिकारियों के साथ युद्ध के बारे में बातचीत फिर से शुरू करने के लिए तैयार है।

यूक्रेन राहत कोष में एक महीने की वेतन देंगी ताइवानी राष्ट्रपति

ताइवान की राष्ट्रपति साई इंग-वेन ने बुधवार को बताया कि वो स्वंय, उप राष्ट्रपति विलियम लाई और प्रीमियर सु त्सेंग-चांग यूक्रेन में मानवीय सहायता के लिए अपनी एक महीने का वेतन दान करेंगे। रूस के साथ युद्ध के बीच यूक्रेन को यूरोपीय देशों समेत विश्व के कई देशों से मानवीय सहायता प्राप्त हो रही है।

यूक्रेन में गोलीबारी के दौरान चीनी नागरिक घायल

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन ने बताया है कि यूक्रेन में युद्ध के बीच गोलीबारी के दौरान उनका एक नागरिक घायल हुआ है। बताया जा रहा है कि मंगलवार को यह घटना उस वक्त हुई जब चीनी नागरिक यूक्रेन से बाहर निकल रहा था। कीव स्थित चीनी दूतावास ने घायल से संपर्क कर उसे तुरंत सहायता मुहैया कराई है।

बेलारूस के खिलाफ नए प्रतिबंधों को मंजूरी

यूरोपीय संघ के राजनयिकों ने यूक्रेन पर रूस के आक्रमण में सहायक भूमिका के लिए बेलारूस के खिलाफ नए प्रतिबंधों को मंजूरी दी है। यूरोपीय संघ के फ्रांसीसी राष्ट्रपति कार्यालय ने बुधवार को यह जानकारी दी। ट्वीट के जरिए दी गई जानकारी के मुताबिक यूरोपीय संघ के राजनयिकों ने यूक्रेन पर हमलों में भूमिका निभाने वाले बेलारूसी लोगों के खिलाफ नए प्रतिबंधों को मंजूरी दी है। बयान में कहा गया है कि प्रतिबंध कुछ आर्थिक क्षेत्रों और विशेष रूप से लकड़ी, स्टील और पोटैशियम पदार्थ को भी प्रभावित करेंगे।

तीसरा विश्व युद्ध परमाणु और विनाशकारी होगा

रूस और यूक्रेन के बीच छिड़े युद्ध में रूस ने परमाणु का इस्तेमाल करने की धमकी दी थी। जिसके बाद अमेरिका ने भी अपने परमाणु हथियारों को हाई अलर्ट पर रख दिया है। साथ ही अमेरिका ने मास्को के अपने दूतावास से अतिरिक्त कर्मियों और परिवारों को वापस भेजने के लिए कहा है। इस बीच रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा है कि तीसरा विश्व युद्ध परमाणु और विनाशकारी होगा।

यूक्रेन और रूस के बीच दूसरे दौर की वार्ता

रूस ने यूक्रेन के साथ बातचीत जारी रखने पर सहमति जताई है। दोनों देशों के बीच बुधवार की शाम दूसरे दौर की वार्ता होगी। सोमवार को पहले दौर की वार्ता में युद्ध विराम को लेकर कुछ बिंदुओं पर सहमति बनी थी। क्रेमलिन के प्रवक्ता का कहना है कि रूसी प्रतिनिधिमंडल बुधवार शाम यूक्रेनी अधिकारियों के साथ युद्ध के बारे में बातचीत फिर से शुरू करने के लिए तैयार है।

भारतीयों की वापसी के लिए स्पाइसजेट संचालित करेगा उड़ानें

यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को स्वदेश लाने के लिए स्पाइसजेट स्पेशल निकासी उड़ाने संचालित करेगा। विमानन कंपनी तीन और चार मार्च को स्लोवाकिया के कोशिशें से उड़ान संचालित करेगी। जिसके बाद चार और छह मार्च को रोमानिया के बुखारेस्ट पहंचे भारतीयों को वापस लाने के लिए उड़ान संचालित होगी। एयरलाइन इन उड़ानों के लिए अपने बोइंग 737 मैक्स विमान का इस्तेमाल करेगी।