लखनऊ में पारा 40 डिग्री के पार, इंसानों के साथ बेजुबान भी हो रहे परेशान…

मौसम में लगातार गर्म हवाओं के थपेड़े जारी हैं। साथ ही तापमान बढ़ने से मई में होने वाली गर्मी का एहसास मार्च में ही हो रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश भर में 31 मार्च तक धूल भरी आंधी और तेज गर्म हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने प्रदेश में लू की चेतावनी भी जारी कर दी है। इस गर्मी से इंसानों के साथ-साथ जानवर भी बेहाल हो रहे हैं। हालांकि लखनऊ चिड़ियाघर प्रशासन ने गर्मी से बचाव के लिए जानवरों के बाड़े में सभी सुविधाएं उपलब्‍ध करा दी है। 

लखनऊ में इस सीजन में पहली बार अधिकतम पारा 40 के पार पहुंच गया। मंगलवार को राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस बढ़त के साथ 40.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। मंगलवार को लखनऊ का एक्यूआइ काफी खराब स्तर 210 तक दर्ज किया गया।

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान कानपुर में 41.8 डिग्री सेल्सियस, झांसी में 41.6 डिग्री सेल्सियस और प्रयागराज में 41.3 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के कुछ स्थानों अधिकतम तापमान में सामान्य से 5.0 डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई। फतेहगढ़ में न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस वही फुरसतगंज में 16.1 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो दिनों तक शहर का अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। निदेशक जेपी गुप्ता के अनुसार, प्रदेश भर में दिन के समय शुष्कता और तेज हवाओं का असर बना रहेगा। अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आस पास बना रहेगा। रात में भी गर्मी बढ़ सकती है।

गर्मी के चलते बाजारों में सन्‍नाटा रह रहा है। लोग निकल भी रहे हैं ताेे पूरे बचाव के साथ ही बाहर जा रहे हैं। सड़कोंं पर पशु पक्षियों के लिए पानी के इंतजाम कर दिए गए हैं। वहीं लखनऊ चिड़ियाघर में जू प्रशासन ने सभी इंतजाम करवा दिए हैं। बाड़ों में कूलर के साथ फव्‍वारे की व्‍यवस्‍था कर दी गई है। वन्‍यजीवों के खाने में भी बदलाव कर दिया गया है। वहीं मंगलवार को दो बाघ अपने बाड़े में पानी से भरे टब में गर्मी से राहत पानी का प्रयास करते हुए देखेे गए।