श्रीलंका की नौसेना ने मछली पकड़ने के आरोप में रामेश्वरम के 12 मछुआरों को किया गिरफ्तार

श्रीलंका की नौसेना ने उसके क्षेत्र में मछली पकड़ने के आरोप में रामेश्वरम के 12 मछुआरों को पकड़ लिया गया है। इसके साथ ही सेना ने मछुआरों द्वारा पकड़ी गई मछलियों और नाव को भी अपने कब्जे में ले लिया है। बता दें की यह एक महीने में आठवीं ऐसी घटना है जिसमें श्रीलंका ने भारतीय मछुआरों को पकड़ा है। कुछ दिन पहले 29 मार्च को भी वहां की सेना ने 16 मछुआरों को पकड़ लिया था।

डेल्फ्ट द्वीप के पास की घटना

यह घटना श्रीलंका के उत्तरी भाग के डेल्फ़्ट द्वीप के पास की है, इस द्वीप में मछलियां ज्यादा मात्रा में पाई जाती हैं इसलिए भारतीय मछुआरे मछली पकड़ते हुए वहां चले जाते हैं जिन्हें कई बार गिरफ्तार किया गया है। तमिलनाडु सरकार ने भी कई बार श्रीलंका से बात करने के लिए केंद्र से इन मछुआरों को छुड़ाने का आग्रह किया है।

पहले श्रीलंकाई अदालत कर चुकी रिहा

बता दें कि इससे पहले फरवरी में भी श्रीलंकाई नौसेना ने 11 मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया था जिसके बाद उन्हें श्रीलंका की एक अदालत में पेश किया गया था। लेकिन सुनवाई के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया था। वहीं उनकी नावों को छुड़ाने का मामला अभी भी कोर्ट में लंबित है। वहीं श्रीलंकाई नौसेना मार्च के माह में ही 50 से अधिक भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर चुकी है। अपने साथी लोगों को छुड़ाने के लिए मछुआरे तमिलनाडु में कई बार हड़ताल भी कर चुके हैं।

विदेश मंत्री ने भी उठाया था मुद्दा

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कुछ समय पहले ही भारतीय मछुआरों की गिरफ्तारी का मुद्दा श्रीलंका के विदेश मंत्री जी एल पीरिस के सामने उठाया था। बता दें कि श्रीलंकाई मंत्री के सामने यह मामला तब उठाया गया था जब वह भारत दौरे पर आए थे।