अखिलेश यादव- शहरों की समस्याएं भाजपा की देन हैं।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि शहरों की समस्याएं भाजपा की देन हैं। लखनऊ, कानपुर, वाराणसी और आगरा सहित बड़े शहरों में भाजपा के मेयर रहे हैं। भाजपा ने स्मार्ट सिटी को लेकर प्रदेश में कोई काम नहीं किया है। इसके नाम पर केवल भ्रष्टाचार हुआ है। राजधानी तक का हाल बेहाल है। अयोध्या में मेयर का टिकट इसलिए भाजपा ने काट दिया, क्योंकि वहां जमीन की रजिस्ट्री में गड़बड़ी के आरोप हैं। सपा अध्यक्ष ने मंगलवार को निकाय चुनाव के लिए मतदाताओं के नाम एक अपील भी जारी की।

असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए किया

सपा मुखिया ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि मेरे गाने को एडिट कर भाजपा ने जो गाना जारी किया है वह केवल जनता को असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए किया है। स्मार्ट सिटी में 24 घंटे जलापूर्ति, 24 घंटे बिजली, गरीबों के आवास, नागरिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, गरीबी और बेरोजगारी से ध्यान हटाने के लिए भाजपा यह सब खेल कर रही है।

प्रदेश में पूरा सिस्टम फेल

सपा अध्यक्ष ने उमेश पाल और अतीक व अशरफ हत्याकांड के सवाल पर कहा कि यूपी में कानून व्यवस्था फेल है। प्रदेश में पूरा सिस्टम फेल हो चुका है। उन्होंने कहा कि शहरों के पार्कों को भाजपा ने बर्बाद कर दिया है। गोमती नदी में गंदे नाले गिर रहे हैं। लखनऊ समेत बड़े शहर जाम से जूझ रहे हैं। लखनऊ में ही कूड़े से बिजली बनाने की एक परियोजना लगाई गई थी लेकिन आज तक उससे बिजली नहीं बनी।

अखिलेश ने कहा कि सरकार ने ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए दो बार बैठक की, लेकिन कुछ भी सुधार नहीं हुआ। उन्होंने सवाल किया सरकार ने यातायात प्रबंधन, पब्लिक ट्रांसपोर्ट, लखनऊ मेट्रो, कानपुर मेट्रो, आगरा मेट्रो को क्यों आगे नहीं बढ़ाया। केवल बजट की लूट व बंदरबांट हुई है। भाजपा ने सिर्फ धोखा दिया है। इस मौके पर लखनऊ की मेयर प्रत्याशी वंदना मिश्रा भी उपस्थित थीं।

मुख्यमंत्री बताएं कितने मुकदमे वापस लिए

अखिलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी बताएं उन्होंने अपने कितने मुकदमे वापस लिए? इनमें कितने मुकदमे दंगे के थे। यह बात जनता को उन्हें बतानी चाहिए थी। निष्पक्ष चुनाव को लेकर कहा कि सरकार का प्रयास होगा, निष्पक्ष चुनाव न हो लेकिन इस बार जनता को जागरूक रहना होगा।

बसपा पर तंज कौन किससे मिला है सब जानते हैं…

बसपा ने मेयर के 17 में 11 पदों पर मुस्लिम प्रत्याशी उतारने के प्रश्न पर अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि कौन किससे मिला हुआ है सब जानते हैं, हमसे मत कहलाओ।

अच्छा काम करने वालों को नगर भारती सम्मान

सपा ने जो अपील जारी की गई है उसमें कहा गया है कि शहरों में अच्छा काम करने वालों को नगर भारती सम्मान दिया जाएगा। समाजवादी कैंटीन एवं किराना स्टोर स्थापित किए जाएंगे। पार्कों में योग केंद्र बनाए जाएंगे। सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट के साथ शिक्षा व स्वास्थ्य को सुधारने में सपा कोई कसर नहीं छोड़ेगी। पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान व प्रापर्टी टैक्स का भी पुनरीक्षण करने की बात कही है।

अपील के जरिए भाजपा पर साधा निशाना

  • भाजपा के सत्ता में रहते विकास कार्य हुए अवरुद्ध, भ्रष्टाचार से भी हैं लोग त्रस्त
  • स्वास्थ्य व शिक्षा के क्षेत्र में हुई बजट की लूट व बंदरबाट
  • भाजपा ने सिर्फ धोखा दिया और जनता को किया परेशान
  • शहर में चरम पर है वायु प्रदूषण
  • भाजपा ने स्मार्ट सिटी का जुमला उछाला, हकीकत में पहले से लगे पेड़ और बाग उजड़ गए
  • साफ सफाई के नाम पर सिर्फ होता रहा घोटाला
  • स्वच्छ पेयजल की जगह मिल रहा मलमूत्र मिला गंदा पानी
  • यातायात व्यवस्था है अनियंत्रित
  • भाजपा राज में नहीं हो रहा कूड़े का निस्तारण
  • सड़के ऊबड़ खाबड़ हैं, स्ट्रीट लाइट जलती नहीं
  • सैनिटेशन होता नही, संक्रामक रोगों का रोकथाम नहीं
  • अन्ना पशुओं व कुत्तों के कारण हो रहीं आम नागरिकों की मौतें।

Pmc Publish

Learn More →