झारखंडराज्य

मेदिनीनगर मेयर चुनाव: भाजपा की अरुणा ने लगातार दूसरी बार जीतकर रचा इतिहास

नगर निकाय चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी अरुणा शंकर ने इतिहास रचते हुए लगातार दूसरी बार मेयर पद पर जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी नम्रता त्रिपाठी को 3122 मतों के अंतर से पराजित किया।

शुक्रवार देर रात घोषित परिणाम के अनुसार अरुणा शंकर को कुल 24,169 मत प्राप्त हुए, जबकि नम्रता त्रिपाठी को 21,047 मत मिले। झामुमो समर्थित प्रत्याशी पूनम सिंह 12,809 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

परिणाम घोषित होते ही भाजपा समर्थकों में जश्न का माहौल बन गया। समर्थकों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर व मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। लगातार दूसरी बार जीत दर्ज कर अरुणा शंकर ने शहर की राजनीति में अपनी मजबूत पकड़ साबित कर दी है।

पहले राउंड में पीछे, आखिरी राउंड में रिकार्ड 6,391 मत पाकर जीत
मेदिनीनगर नगर निगम के मेयर पद की मतगणना पांच राउंड में पूरी हुई। पूरे दिन चले कड़े मुकाबले और उतार-चढ़ाव के बाद भाजपा समर्थित प्रत्याशी अरुणा शंकर ने निर्णायक बढ़त बनाते हुए जीत सुनिश्चित की।

पहले राउंड में अरुणा शंकर को 3,540 मत मिले, जबकि कांग्रेस समर्थित नम्रता त्रिपाठी 5,217 मतों के साथ आगे रहीं। झामुमो समर्थित पूनम सिंह को 3,180 मत प्राप्त हुए। दूसरे राउंड में तस्वीर बदली और अरुणा शंकर ने 4,490 मत हासिल कर बढ़त बनानी शुरू की।

इस राउंड में नम्रता त्रिपाठी को 2,517 तथा पूनम सिंह को 2,006 मत मिले।तीसरे राउंड में मुकाबला फिर दिलचस्प हुआ। अरुणा शंकर को 4,819 मत मिले, जबकि नम्रता त्रिपाठी 5,286 मतों के साथ इस राउंड में आगे रहीं।

पूनम सिंह को 2,061 मत प्राप्त हुए। चौथे राउंड में अरुणा शंकर ने 4,929 मत हासिल कर बढ़त को मजबूत किया। नम्रता त्रिपाठी को 3,274 और पूनम सिंह को 2,973 मत मिले। पांचवें और अंतिम राउंड में अरुणा शंकर ने रिकार्ड 6,391 मत प्राप्त कर मुकाबले को निर्णायक रूप से अपने पक्ष में कर लिया।

इस राउंड में नम्रता त्रिपाठी को 4,753 तथा पूनम सिंह को 2,589 मत मिले। अंतिम परिणाम में अरुणा शंकर ने कुल 24,169 मत प्राप्त कर 3,122 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। देर रात तक चले सस्पेंस के बाद अंतिम राउंड ने चुनाव की तस्वीर साफ कर दी और भाजपा खेमे में जश्न का माहौल बन गया।

Related Articles

Back to top button