
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर प्रदेश में जारी सियासत के बीच आरोप-प्रत्यारोप के दौर ने नया मोड़ ले लिया है। कांग्रेस इस प्रकरण पर हमलावर है तो भाजपा ने भी जवाब में आक्रामक रुख अपना लिया है। कांग्रेस ने दोहराया कि इस मुद्दे पर सरकार की घेराबंदी जारी रहेगी। वहीं सत्ताधारी दल ने अनुसूचित जाति और मातृशक्ति का अपमान बताते हुए प्रदेशभर में कांग्रेस के पुतले फूंकने की घोषणा की है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बातचीत में इस प्रकरण में इंटरनेट मीडिया पर एक महिला नेत्री के प्रसारित हो रहे वीडियो का उल्लेख करते हुए कहा कि रहस्योद्घाटन के लिए महिला नेत्री को धन्यवाद दिया।
यद्यपि, महिला को पार्टी में सम्मिलित करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एक पूर्व विधायक की पत्नी से कोई संबंध नहीं है। पार्टी की प्राथमिकता अंकिता को न्याय दिलाना है। विपक्ष के रूप में उनका काम जनता तक बात पहुंचाना है। बे
हतर यही होगा कि भाजपा सरकार इस प्रकरण में जवाबदेही से काम करे। भाजपा की ओर से अनुसूचित जाति के अपमान को मुद्दा बनाने पर उन्होंने कहा कि किसी भी अपराध में संलिप्त या संदिग्ध की कोई जाति नहीं होती। उन्होंने कहा कि महिला ने वीडियो में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बारे में भी टिप्पणी की है। महेंद्र भट्ट को इस बारे में जांच का सामना करना चाहिए।
षडयंत्र का भंडाफोड़ बनाएगा वर्ष 2027 की राह सुगम: हरीश रावत
पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा कि इस प्रकरण में कांग्रेस ने भाजपाई षडयंत्र का भंडाफोड़ किया तो वर्ष 2027 में सत्ता की तरफ हमारी राह को सुगम बनाएगा। अंकिता हत्याकांड को उत्तराखंड के स्वाभिमान से जुड़ा विषय बताते हुए उन्होंने कहा कि भले ही हम किसी पार्टी में हों, जब तक गट्टू की अंतिम रूप से खोज नहीं होती है, तब तक हमें संघर्ष जारी रखना चाहिए।
वह निश्चय कर चुके हैं कि अगले 20 दिन यानी 16 जनवरी तक अपनी समस्त गतिविधियां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल निर्णित कार्यक्रमों को समर्पित करेंगे, ताकि अंकिता को न्याय और उत्तराखंड के स्वाभिमान की रक्षा हो सके।
साक्ष्य से कतरा रही कांग्रेस बना रही महिला को हथियार: भट्ट
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर इस प्रकरण में अनुसूचित जाति समाज और मातृशक्ति का अपमान करने का आराेप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम अनुसूचित जाति समाज से आते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास को कोई साक्ष्य है तो उसे न्यायालय में प्रस्तुत करना चाहिए, लेकिन प्रमुख प्रतिपक्षी पार्टी वहां पीठ दिखा गई।
अब हथियार के रूप में एक महिला का इस्तेमाल कर अनुसूचित जाति समाज से आने वाले वरिष्ठ नेता एवं दिवंगत अंकिता की आत्मा को अपमानित किया जा रहा है।इइससे अनुसूचित जाति समाज में रोष है। इसके विरोध में भाजपा प्रदेशभर में कांग्रेस के पुतले फूंकेगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उनका नाम बेवजह घसीटा जा रहा है। वह महिलाओं, मातृशक्ति को बहन-बेटी के रूप में देखते हैं।




