अब न्यू मेक्सिको का नाम बदलकर न्यू अमेरिका करना चाहते हैं ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ‘न्यू मेक्सिको’ का नाम बदलकर ‘न्यू अमेरिका’ करने की सलाह दी है। इसे लेकर अब सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है।
ट्रंप ने सोमवार को ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा, ‘न्यू मेक्सिको को तुरंत अपना नाम बदलकर ‘न्यू अमेरिका’ कर लेना चाहिए। हम मैक्सिको नहीं हैं, हम ‘यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका’ (संयुक्त राज्य अमेरिका) हैं।’
न्यू मेक्सिको का नाम बदलने से क्या होगा?
ट्रंप ने दावा किया, ‘न्यू मेक्सिको का नाम न्यू अमेरिका करने से राज्य की अहमियत और प्रतिष्ठा बढ़ेगी। अमेरिकी झंडे को सलामी देते समय यहां के निवासियों का गर्व और बढ़ेगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित होगा कि न्यू मैक्सिको जिन बेईमान चुनावों (crooked elections) के लिए जाना जाता है, वे फिर से ईमानदार हो जाएंगे।’
ट्रंप ने सबसे पहले ‘गल्फ ऑफ मेक्सिको’ (मैक्सिको की खाड़ी) का नाम बदलकर ‘गल्फ ऑफ अमेरिका’ (अमेरिका की खाड़ी) कर दिया। फिर वे चाहते थे कि ‘लेक ओंटारियो’ को ‘लेक अमेरिका’ कहा जाए। अब वे चाहते हैं कि ‘न्यू मेक्सिको’ का नाम बदलकर ‘न्यू अमेरिका’ कर दिया जाए।
ट्रंप की इस बात को लेकर सोशल मीडिया पर एक मजाक भी चल रहा है कि ट्रंप शायद जल्द ही पूरे अमेरिका का ही नाम बदल दें, शायद इसका नाम ‘न्यू इंडिया’ (नया भारत) रख दें। क्योंकि क्रिस्टोफर कोलंबस, जिन्होंने अमेरिका का रास्ता खोज लिया था, असल में तो वे भारत की खोज में ही निकले थे।
क्या सच में बदल जाएगा न्यू मेक्सिको का नाम?
ट्रंप की बातों का न्यू मेक्सिको के राजनीतिक प्रतिनिधियों पर कोई असर नहीं हुआ। डेमोक्रेट सीनेटर बेन रे लुजान ने ट्रंप को याद दिलाया कि इस राज्य का नाम सदियों पुराना है, जो अमेरिका (संयुक्त राज्य अमेरिका) के अस्तित्व में आने से भी बहुत पहले से है।
डेमोक्रेट सीनेटर ने पलटवार करते हुए कहा, ‘हम न्यू मेक्सिकन हैं। हमें अपने नाम पर गर्व है, अपने घर पर गर्व है और हम इन दोनों को ही बनाए रखेंगे। डोनल्ड ट्रम्प के पद से हटने के बहुत समय बाद भी, हम न्यू मेक्सिको ही बने रहेंगे।’
ट्रंप की इस धमकी को कुछ लोग महज ‘ट्रोलिंग’ मान रहे हैं, लेकिन यह एक संवैधानिक रुकावट भी है। राज्य का नाम तय करने का अधिकार राज्य के संविधान के पास है और राष्ट्रपति के सोशल मीडिया पोस्ट से इसे नहीं बदला जा सकता।
सीनेटर बर्नी सैंडर्स ने ट्रंप को कड़े शब्दों में जवाब देते हुए लिखा, ‘नहीं, मिस्टर ट्रंप। अमेरिकी लोग नहीं चाहते कि आप न्यू मैक्सिको का नाम बदलें। वे चाहते हैं कि आप तुरंत अपना वह अवैध ईरान युद्ध खत्म करें, जिसकी वजह से अमेरिकियों को पेट्रोल के लिए 4.30 डॉलर प्रति गैलन और डीजल के लिए 6.30 डॉलर प्रति गैलन चुकाने पड़ रहे हैं। बस बहुत हुआ।’




