उत्तरप्रदेशराज्य

अयोध्या: उपचुनाव की सरगर्मी के बीच आज मिल्कीपुर जाएंगे सीएम योगी

अयोध्या की मिल्कीपुर सीट पर होने वाले संभावित उपचुनाव के पहले सीएम योगी आज वहां का दौरा करेंगे। लोकसभा चुनाव नतीजों के बाद से वह पांच बार यहां आ चुके हैं।

उप चुनाव की सरगर्मी और लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को सुबह 10:00 बजे के करीब पांचवीं बार मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचेंगे।

मुख्यमंत्री की ओर से आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के सभागार में कार्यकर्ता संवाद में शिरकत की जाएगी। इस संवाद में मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ जिले भर के प्रवासी शामिल होंगे। उपचुनाव के मद्देनजर मुख्यमंत्री के इस दौरे को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री के आने से पहले प्रभारी की जिम्मेदारी निभा रहे प्रदेश सरकार के सात मंत्री भी यहां पहुंच रहे हैं।

इनमें से जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर और खाद्य रसद राज्य मंत्री सतीश शर्मा शुक्रवार को ही अयोध्या पहुंच चुके हैं। शनिवार को प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, स्वास्थ्य राज्य मंत्री मयंकेश्वर सिंह, आयुष राज्य मंत्री दया शंकर मिश्र दयालु और खेल राज्यमंत्री गिरीश यादव भी अयोध्या पहुंच रहे हैं।

यह सभी मंत्री कार्यकर्ता संवाद में मौजूद रहेंगे। इनके अलावा संगठन की ओर से प्रभारी का दायित्व निभा रहे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और एमएलसी धर्मेंद्र प्रताप सिंह भी कार्यकर्ता संवाद में शामिल होंगे। कार्यकर्ता संवाद की तैयारी को अंतिम रूप दे दिया गया है। कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में मुख्यमंत्री उप चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेंगे और उन्हें जीत का मंत्र देंगे। मुख्यमंत्री की ओर से कार्यकर्ता संवाद के बाद रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन किए जाने की भी संभावना है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर दहशत में भाजपा : अवधेश
सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा दहशत में है। कहा कि आखिर भाजपा परेशान क्यों है, एक सीट से क्या होने वाला है, क्या उनकी सरकार गिर जाएगी या सरकार बदल जाएगी। सांसद ने एक बातचीत में कहा कि जिस अयोध्या लोकसभा क्षेत्र से मैं सांसद बना हूं, मिल्कीपुर उसी का हिस्सा है, इसीलिए भाजपा डरी हुई है। दहशत का ही नतीजा है कि मुख्यमंत्री यहां सात बार आए। तीन महीने में 16 मंत्री आ चुके हैं। भाजपा की सोच गलत साबित होगी। हमें मिल्कीपुर की जनता पर भरोसा है, वह हमारे बेटे अजीत प्रसाद को ही चुनाव जिताएगी।

Related Articles

Back to top button