झारखंडराज्य

आजसू का खाद्य मंत्री इरफान अंसारी पर गंभीर आरोप, राशन चोरी को बढ़ावा देने का दावा

आजसू पार्टी ने खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री इरफान अंसारी पर राशन डीलरों को राशन चोरी के लिए प्रोत्साहित करने का आरोप लगाया है। पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने कहा कि मंत्री ने शुक्रवार को जामताड़ा नगर भवन में खाद्य आपूर्ति विभाग के 4जी इ–पास मशीन वितरण कार्यक्रम में कहा कि आम जनता को मिलने वाले अनाज में राशन डीलरों द्वारा आधा किलो की कटौती करना कोई पाप नहीं, क्योंकि उनके भी बाल-बच्चे हैं।

उनके अनुसार, एक तरफ राशन डीलरों को आठ माह से कमीशन नहीं मिल रहा है, दूसरे उन्हें राशन चोरी के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

आजसू का खिजरी विधानसभा स्तरीय सम्मेलन 11 को
आजसू पार्टी के खिजरी विधानसभा स्तरीय सम्मेलन 11 जनवरी को गेतलसूद डैम के पास आयोजित किया जाएगा। इसे लेकर खिजरी के पार्टी कार्यकर्ताओं ने पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो से उनके बुकरू, रांची स्थित आवास पर मुलाकात की।इस मौके पर आयोजित बैठक में पार्टी के सांगठनिक विस्तार, रणनीति एवं भावी कार्यक्रमों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

सदस्यता अभियान का शुभारंभ कार्यक्रम 5 जनवरी को
युवा आजसू की दस्तक – हर घर तक : सदस्यता अभियान का शुभारंभ कार्यक्रम 5 जनवरी को रांची के कचहरी रोड स्थित रांची यूनिवर्सिटी गेट के समीप से किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आजसू के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर एवं केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता संजय मेहता होंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा आजसू रांची महानगर अध्यक्ष अमित यादव करेंगे। युवा आजसू के नेता चेतन प्रकाश, अमित यादव, अमित साहू ने पार्टी कार्यालय में प्रेसवार्ता कर बताया कि रांची महानगर में एक महत्वाकांक्षी सदस्यता अभियान की शुरुआत कर रही है।

इस अभियान का उद्देश्य पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है। अभियान का शीर्षक आजसू की दस्तक – हर घर तक : सदस्यता अभियान रखा गया है।

युवा आजसू रांची महानगर के अध्यक्ष अमित यादव के नेतृत्व में यह अभियान 90 दिनों की अवधि में आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत रांची महानगर के सभी 53 वार्डों को कवर किया जाएगा, जिसमें 1,00,000 नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान की घोषणा करते अमित यादव ने कहा आजसू पार्टी हमेशा से सामाजिक न्याय और विकास के लिए प्रतिबद्ध रही है।

यह सदस्यता अभियान न केवल संगठन को मजबूत करेगा बल्कि रांची की जनता की समस्याओं को सीधे पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। हम हर वार्ड में जाकर लोगों से संवाद करेंगे और उन्हें आजसू की नीतियों से जोड़ेंगे। युवा शक्ति के साथ मिलकर हम रांची को नई दिशा देंगे।

आजसू पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान में पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और युवा विंग सक्रिय रूप से भाग लेंगे। अभियान के दौरान वार्ड स्तर पर मिलन समारोह, जनसंपर्क और सदस्यता शिविर आयोजित किए जाएंगे। अमित यादव ने अभियान को पार्टी की झारखंड के विकास और सामाजिक न्याय की लड़ाई में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

उन्होंने कहा यह अभियान नगर निकाय चुनावों की तैयारियों को भी गति प्रदान करेगा। युवा आजसू के प्रदेश संयोजक चेतन प्रकाश ने कहा यह अभियान केवल सदस्य बनाने का नहीं बल्कि झारखंड के युवाओं को एक नई दिशा देने का संकल्प है।

आजसू पार्टी मानती है कि जब तक युवा मजबूत नहीं होगा, तब तक झारखंड मजबूत नहीं होगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान में शामिल होकर आजसू पार्टी का हिस्सा बनें और झारखंड के नवनिर्माण में योगदान दें। प्रेसवार्ता में अमित साहू, किशोर मंडल, सनी चंद्रवंशी, मोहित ठाकुर व अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button