अन्तर्राष्ट्रीय

इजरायल में भारतीय नागरिक की हत्या, फ्लैट में पड़ी मिली लाश

इजरायल से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां एक भारतीय नागरिक राजीव आचार्य की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद वहां की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है। तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास ने इस बात की पुष्टि की है।

इजरायल स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दुख जताते हुए कहा कि वे इस घटना के सभी तथ्यों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए इजरायली अधिकारियों के संपर्क में हैं और मामले पर कड़ी नजर रखे हुए हैं।

अभी मौत का कारण साफ नहीं

दूतावास ने फिलहाल राजीव आचार्य की मौत के कारणों या घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों का खुलासा नहीं किया है। दूसरी ओर भारतीय मिशन ने मृतक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और हरसंभव सहायता प्रदान करने की बात कही है।

क्षेत्रीय तनाव और हालिया कूटनीतिक बातचीत

बता दें कि यह घटना ऐसे समय में हुई है जब पश्चिम एशिया में लगातार तनाव बना हुआ है। हालांकि, भारतीय दूतावास ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह घटना क्षेत्रीय तनाव से जुड़ी है या नहीं। इससे पहले, इस महीने की शुरुआत में इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच फोन पर बातचीत हुई थी।

दोनों नेताओं ने भारत-इजरायल स्पेशल स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप को मजबूत करने और विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की थी। इतना ही नहीं विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया था कि यह फोन कॉल इजरायल की ओर से की गई थी, जिसमें दोनों देशों के संबंधों को और गहरे करने पर जोर दिया गया था।

Related Articles

Back to top button