राष्ट्रीय

उत्तर भारत में प्रचंड गर्मी की भविष्यवाणी, दिल्ली-यूपी में चलेगी लू; मुंबई-केरल में भारी बारिश की चेतावनी जारी

भारतीय मौसम विभाग ने शनिवार को भविष्यवाणी की कि अगले 4-5 दिनों में उत्तर भारत में तापमान बढ़ेगा और उत्तर-पश्चिम भारत में लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, हरियाणा, यूपी, उत्तराखंड, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत देश के अधिकांश हिस्सों में शनिवार से तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है।

दिल्ली में पड़ेगी भीषण गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान के कई जिलों में नौ जून को लू चलेगी। साथ ही, राष्ट्रीय राजधानी में अगले 3-4 दिनों में तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 43-44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। हालांकि, एनसीआर दिल्ली के लिए कोई अलर्ट नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में चार दिन आकाश साफ रहेगा और तापमान बढ़ेगा। इससे अगले सप्ताह भीषण गर्मी होने की संभावना है।

दिल्ली- एनसीआर में धूल भरी हवा चलने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को आसमान साफ रहेगा। 20 से 30 किलोमीटर की गति से धूल भरी हवा चल सकती है और तेज धूप होगी। सोमवार व मंगलवार को भी धूल भरी हवा चलने की संभावना है। साथ ही मंगलवार को तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस कम है। आया नगर का तापमान सबसे अधिक 41.2 डिग्री सेल्सियस और पालम का तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मुंबई समेत केरल, कर्नाटक में होगी भारी बारिश
साथ ही आईएमडी ने भविष्यवाणी की है कि अगले 3-4 दिनों में पूरे दक्षिण के अन्य राज्यों में मानसून फिर से सक्रिय हो जाएगा। साथ ही बताया कि आज मुंबई, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश हो सकती है।

मुंबई में येलो अलर्ट जारी
मुंबई में शनिवार को पूरे दिन बादल छाए रहे और कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हुई। वहीं, भारतीय मौसम विभाग ने मुंबई में रविवार को भारी बारिश की संभावना जताई है इसके लिए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

Related Articles

Back to top button