उद्योगों को मिली बूस्टर डोज… पर लखनऊ में औद्योगिक क्षेत्र बेहाल, सीएम की सख्ती के बाद सचेत हुए जिम्मेदार

केंद्रीय बजट में सरकार ने उद्योगों को बूस्टर डोज दी है। सूक्ष्म उद्योग को राहत देने के लिए कई घोषणाएं की गई हैं। इस बीच राजधानी लखनऊ के औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याएं इन्हें मुंह चिढ़ा रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सख्ती के बाद सोमवार को डीएम विशाख जी ने जिम्मेदार अफसरों के पेंच कसे और शासन की मंशानुरूप सचेत होकर काम करने के निर्देश दिए।
हाल ही में राज्य उद्योग बंधु की बैठक में सीएम ने सभी जिलाधिकारियों को जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठकों में उपस्थित रहने और उद्योगों से जुड़ी समस्याओं को व्यक्तिगत रुचि लेकर निस्तारित करने के निर्देश जारी किए थे। इसका असर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई उद्योग बंधु की बैठक में दिखा। डीएम उद्यमियों के हर मुद्दे पर गंभीर और सचेत नजर आए।
रेन वाटर हार्वेस्टिंग लगाने का समाधान दिया गया
अमौसी और नादरगंज में आने वाले आस-पास के रिहायशी इलाकों के 18 एमएलडी गंदे पानी के जमाव का मुद्दा उठा तो यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक ने उद्यमियों को ही रेन वाटर हार्वेस्टिंग लगाने का समाधान दिया। उद्यमियों ने इसके जरिये सीवेज के पानी को भूजल में हस्तांरित का लिखित आश्वासन मांगा तो अफसरों को गंभीरता समझ आई, क्योंकि सीवर का पानी जमीन में जाने से भूजल भी दूषित होता। डीएम ने यूपीसीडा के आरएम को फटकार लगाकर ताकीद दी कि 15 दिन में सही समाधान निकालें।
यूपीसीडा के अधिशासी अभियंता ने बताया कि नादरगंज से सीपेट तक मुख्य सड़क और ड्रेन का काम प्रगति पर है। नाली का काम 15 और मुख्य सड़क का काम 28 फरवरी तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों के चौड़ीकरण व नालियों के निर्माण प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजे गए हैं।
डीएम ने मुख्य अभियंता से रिपोर्ट तलब की
इस दौरान यूपीसीडा और नगर निगम के साझा अभियान के तहत औद्योगिक क्षेत्र में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व सफाई पर तारीफ हुई। बैठक में गोयला औद्योगिक क्षेत्र में एलटी लाइन विकसित करने के संबंध में बताया गया कि बचा काम वित्तीय वर्ष के न्यू बिजनेस प्लान के तहत पूरा कर लिया जाएगा। डीएम ने मुख्य अभियंता से रिपोर्ट तलब की।
बैठक में सीडीओ अजय जैन, अपर जिलाधिकारी, अपर नगर आयुक्त, उपायुक्त उद्योग मनोज चौरसिया समेत यूपीसीडा व एलडीए के अफसर मौजूद रहे। साथ ही क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा, एलडीए, नगर निगम सहित उद्योग से संबंधित विभिन्न विभागों के अधिकारी, औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी एवं उद्यमीगण उपस्थित रहे।
लंबित मामलों पर जताई नाराजगी
निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित मामलों पर डीएम ने नाराजगी जताई। सभी विभागों को निर्देशित किया कि सभी मामले किसी भी दशा में तय समय सीमा में निस्तारित हों।





