उड़ीसाराज्य

ओडिशा में जंगली हाथी का तांडव

ओडिशा के गंजाम जिले के जलमेरीपल्ली गांव में रविवार को जंगली हाथी के हमले से हड़कंप मच गया। खेत में सब्जियां तोड़ने गए दो लोगों को हाथी ने कुचल दिया। इस दर्दनाक घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे व्यक्ति ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक खेत के पास झाड़ियों से एक दंतैल हाथी निकला और दोनों पर हमला कर दिया। महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दूसरे घायल को तुरंत दिगपहंडी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गांव में भय और तनाव का माहौल
घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ सप्ताह से इलाके में जंगली हाथियों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे फसलों के साथ-साथ लोगों की जान को भी खतरा बना हुआ है।

सूचना मिलते ही भिष्मगिरि वन रेंज के वन अधिकारी और कर्मचारी गांव पहुंचे और हाथी को आबादी से दूर खदेड़ने के लिए अभियान शुरू किया। वन विभाग की टीम स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और अकेले खेतों या वन क्षेत्र के आसपास न जाएं। हाथी को ट्रैक कर सुरक्षित क्षेत्र में भेजने की कार्रवाई फिलहाल जारी है।

Related Articles

Back to top button