कीव में अमेरिकी दूतों से मुलाकात के बाद बोले जेलेंस्की

यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने रविवार को कीव दौरे पर आए अमेरिकी दूतों के साथ वार्ता के बाद कहा कि रूस के साथ युद्ध फिलहाल सर्दियों तक जारी रहने की संभावना है।
अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और जेलेंस्की दोनों ने इस बातचीत को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी, लेकिन किसी ने भी रूस के साथ युद्ध समाप्त करने को लेकर किसी बड़ी सफलता की घोषणा नहीं की।
अमेरिकी दूतों का पहला कीव दौरा
राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के करीबी विटकॉफ और उनके दामाद जेरेड कुशनर, मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात के एक दिन बाद कीव पहुंचे। रविवार की यह यात्रा यूक्रेनी राजधानी में उनका पहला दौरा था। कीव पिछले चार वर्षों से अधिक समय से भीषण रूसी हमलों का सामना कर रहा है।
जेलेंस्की ने कहा कि हमें पूरी उम्मीद है कि हम अपने अमेरिकी भागीदारों के साथ किसी समझौते तक पहुंच सकेंगे। अगर युद्ध सर्दियों में भी जारी रहता है, जो कि अभी प्रतीत हो रहा है तो हम अपने यूरोपीय सहयोगियों के समर्थन पर भी भरोसा कर रहे हैं।
जेलेंस्की ने यह भी बताया कि यूक्रेन अमेरिका, फ्रांस और जर्मनी के साथ बातचीत करेगा, हालांकि उन्होंने इस बारे में कोई विस्तार से जानकारी नहीं दी।
यूक्रेनी नेता ने अपनी इस मांग को भी दोहराया कि केवल शीर्ष नेताओं के बीच एक बैठक से ही क्षेत्रीय मुद्दों को सुलझाया जा सकता है। वर्तमान में, मॉस्को ने पूर्वी और दक्षिणी यूक्रेन के बड़े हिस्से पर कब्जा कर रखा है।
क्रेमलिन ने शनिवार को अमेरिकियों को बताया कि वह आगे और भी बढ़ने को लेकर आश्वस्त है। मॉस्को का कहना है कि वह केवल उन क्षेत्रों पर कब्जा नहीं चाहता, बल्कि वह जिन भूमियों को अपना मानता है, उन्हें आधिकारिक तौर पर रूसी मान्यता दी जाए, जो शर्तें कीव को कतई मंजूर नहीं हैं।
दोनों पक्षों को समझौता करने की जरूरत
अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ ने कहा कि दोनों पक्षों को समझौता करने की जरूरत होगी। उन्होंने कहा कि हमें लगता है कि हमारे पास वहां तक पहुंचने के लिए जरूरी चीजें मौजूद हैं। हमारी बातचीत बहुत ही सार्थक और महत्वपूर्ण रही, हम काफी उत्साहित हैं और जब तक जरूरी होगा इसे जारी रखने के लिए तत्पर हैं।
कुशनर ने आगे कहा कि उम्मीद है कि इस यात्रा से आगे बढ़ने के कुछ नए रास्ते निकलेंगे। मुझे लगता है कि हमने इस यात्रा से बहुत कुछ सीखा है।
विटकॉफ और कुशनर इस उम्मीद के साथ क्षेत्र की यात्रा पर हैं कि गर्मियों में संघर्ष तेज होने के बाद, द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यूरोप के इस सबसे भीषण संघर्ष में शांति लाने के ट्रम्प प्रशासन के प्रयासों को फिर से जीवित किया जा सके। ब्रिटिश, फ्रांसीसी और जर्मन प्रतिनिधियों की मौजूदगी में बातचीत का एक और दौर जारी था।
जेलेंस्की ने यूरोपीय प्रतिनिधियों की उपस्थिति पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां हम सभी एक ही पक्ष में हैं। अन्य विदेशी अधिकारियों की तरह, अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल भी ट्रेन से पहुंचा, और कीव सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पीस एक्सप्रेस लिखा हुआ था। जेलेंस्की ने कहा कि कीव ने अपने हवाई अड्डों को चालू करने के लिए सब कुछ तैयार कर लिया था, लेकिन रूसी हमलों ने हवाई मार्ग से पहुंचना असंभव बना दिया है।
गौरतलब है कि 2022 में रूस द्वारा आक्रमण शुरू करने के बाद से ही यूक्रेनी हवाई क्षेत्र बंद है। वहीं, अमेरिकी दूतों की यात्रा के दौरान रूस और यूक्रेन ने एक-दूसरे की राजधानियों पर हमला न करने का संकल्प लिया था।
ठोस योजनाओं पर चर्चा
मॉस्को के आक्रमण ने अब तक लाखों लोगों की जान ली है और लाखों अन्य को विस्थापित कर दिया है। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने मीडिया को दिए एक बयान में बताया कि मॉस्को में दूतों ने ठोस योजनाओं पर चर्चा की है, जिसकी घोषणा आने वाले हफ्तों में की जाएगी। बिना विस्तार से बताए, क्रेमलिन ने कहा कि अमेरिकियों ने समझौते के संभावित रास्तों पर कई विचार सामने रखे हैं।
पुतिन ने बार-बार कहा है कि मॉस्को का इरादा बाकी पूर्वी यूक्रेन पर कब्जा करने का है, और इस गर्मी में रूस ने घातक हमले तेज कर दिए थे। फरवरी 2022 में पुतिन द्वारा आक्रमण शुरू करने के बाद से, यह युद्ध खिंचता जा रहा है और इसका कोई अंत नजर नहीं आ रहा है। कीव में बहुत कम लोगों को किसी बड़ी सफलता की उम्मीद दिखी।
67 वर्षीय नतालिया लिपेख ने कहा कि उनका यहां होना बिल्कुल जरूरी था और उन्हें यह देखना चाहिए कि हमारी जमीन पहले ही खून से लथपथ है और हमें मदद की जरूरत है। 29 वर्षीय यारोस्लाव ने कहा कि फिलहाल, मेरे पास उम्मीद का कोई कारण नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसी बातचीत की प्रक्रियाएं बहुत अधिक देखी हैं।
शनिवार को पुतिन ने अमेरिकी दूतों से कहा था कि मॉस्को कीव में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करेगा। डोनल्ड ट्रंप ने कहा था कि उनके दूत लड़ाई को समाप्त करने के लिए एक प्रस्ताव लेकर जा रहे हैं। उन्होंने बिना कोई विवरण दिए कहा कि हमारे पास शांति के लिए एक विचार है।
राजधानियों के लिए संघर्ष विराम के वादों के बावजूद, अन्य स्थानों पर लड़ाई जारी रही। यूक्रेन की वायु सेना ने कहा कि रूस ने रात भर में 108 ड्रोन और मिसाइलों से हमला किया, जबकि मॉस्को ने कहा कि उसने 258 ड्रोन मार गिराए हैं। यूक्रेन ने कहा कि शनिवार को रूसी हमलों में 11 वर्षीय लड़के सहित 10 लोग मारे गए।




