राजस्थानराज्य

कोहरे का कहर; सड़क, रेल और हवाई यातायात तक जबरदस्त असर

राजस्थान में कोहरे कहर बरपा रहा है। जमीन से लेकर आसमान तक कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। राजधानी जयपुर में पिछले दो दिनों से छाए घने कोहरे ने हालात और बिगाड़ दिए। बुधवार सुबह स्थिति यह रही कि सामने के मकान तक दिखाई नहीं दे रहे। विजिबिलिटी लगभग शून्य रही। वहीं मंगलवार को भी जयपुर में कोहरे और शीतलहर का जबरदस्त प्रकोप रहा। धूप देर तक नहीं निकलने से लोग रजाइयों में दुबके रहे। दोपहर बाद जब सूरज निकला और तेज धूप खिली, तब सर्दी से कुछ राहत मिली और दृश्यता धीरे-धीरे बेहतर होने लगी।

मंगलवार को सुबह 6 से 8 बजे तक विजिबिलिटी शून्य रही, जो दोपहर करीब 2 बजे बढ़कर 800 मीटर तक पहुंची। कम दृश्यता का असर सड़क, रेल और हवाई यातायात पर भी पड़ा। एयरपोर्ट पर सुबह के समय शून्य विजिबिलिटी दर्ज की गई।

दो दिन से राजधानी कोहरे की चपेट में है। मंगलवार को भी दोपहर तक घना कोहरा छाया रहा। सूरज निकलते ही लोग घरों से बाहर निकलकर धूप सेंकते नजर आए। धूप के असर से अधिकतम तापमान भी बढ़कर 18 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। कोहरे के कारण उड़ानों पर भी असर पड़ा। उदयपुर की सुबह 6:55 बजे जाने वाली फ्लाइट 6ई-7465, अहमदाबाद की 6ई-7217, देहरादून की 6ई-7274 और चंडीगढ़ जाने वाली 6ई-7718 रद्द करनी पड़ी। चंडीगढ़ से आने वाली फ्लाइट 6ई-7742 करीब सवा घंटे की देरी से रवाना हुई। इंडिगो की इंदौर जाने वाली फ्लाइट 6ई-7744 लगभग छह घंटे देरी से दोपहर 12 बजे रवाना हुई, जबकि जैसलमेर जाने वाली फ्लाइट 6ई-7675 भी ढाई घंटे लेट चली। ट्रेनों का संचालन भी गड़बड़ाया- कोहरे की वजह से प्रदेश में ट्रेनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। मंगलवार को करीब 15 ट्रेनों का संचालन कोहरे की वजह से प्रभावित रहा।

संख्या | ट्रेन | देर से

14814 भोपाल–जोधपुर | 1.15 घंटे
12414 पूजा एक्सप्रेस | 55 मिनट
12466 रणथम्भौर एक्सप्रेस | 50 मिनट
12015 अजमेर–नई दिल्ली शताब्दी | 25 मिनट
22933 बीकानेर–जयपुर सुपरफास्ट | 1 घंटे
19712 भोपाल–जयपुर एक्सप्रेस | 1.25 घंटे
14733 भटिंडा–जयपुर एक्सप्रेस | 2 घंटे

Related Articles

Back to top button