उत्तराखंडराज्य

गैरसैंण विधानसभा सत्र में सुरक्षा चाक-चौबंद, मंत्रियों-विधायकों के लिए आगंतुक पास नियम

ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में नौ मार्च से प्रारंभ होने जा रहे विधानसभा के बजट सत्र में इस बार गरिमा, सुरक्षा और सुव्यवस्थित संचालन सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

सत्र के दौरान अनावश्यक भीड़ नियंत्रित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है कि विधायकों की संस्तुति पर एक तथा मंत्रियों की संस्तुति पर अधिकतम दो आगंतुकों को ही प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। साथ ही विधानसभा कर्मचारी भी बिना विधिवत वाहन प्रवेश पत्र के अपने वाहन परिसर में नहीं ला सकेंगे।

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने शनिवार को देहरादून विधानसभा भवन स्थित सभागार में नौ से 13 मार्च तक गैरसैंण में प्रस्तावित पंचम विधानसभा के बजट सत्र की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक की। उन्होंने विधानसभा सचिवालय और पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।

बैठक में सत्र के दौरान विद्यालय एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को सदन की कार्यवाही देखने के लिए आमंत्रित करने का भी निर्णय लिया गया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह युवाओं को संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से परिचित कराने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कार्यवाही की वीडियो रिकार्डिंग और वेबकास्टिंग सूचना एवं लोक संपर्क विभाग तथा आइटीडीए द्वारा कराई जाएगी। इससे आमजन भी सदन की कार्यवाही से जुड़ सकेंगे।

विधानसभा अध्यक्ष ने आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए अग्निशमन दल को सतर्क रहने, चिकित्सा विभाग को पर्याप्त दवाइयों और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि यह बजट सत्र राज्य के विकास और जनहित के मुद्दों पर गंभीर मंथन का अवसर है, जिसकी गरिमा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक में शासन, पुलिस प्रशासन व विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button