घर पर इन खास ट्रिक्स के साथ बनाएं बिल्कुल स्ट्रीट स्टाइल चिकन नूडल्स

चिकन नूडल्स बनाने बच्चों और बड़ों दोनों का पसंदीदा स्ट्रीट फूड है। नूडल्स, बोनलेस चिकन, सब्जियां, अदरक-लहसुन पेस्ट, सॉस और मसालों का इस्तेमाल करके आसानी से चिकन नूडल्स बनाने की रेसिपी बताई गई है। इस रेसिपी से आप घर पर भी बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसे नूडल्स बना सकते हैं।
चाइनीज फूड का नाम सुनते ही सबसे पहले जुबां पर जो नाम आता है, वह है चिकन नूडल्स। यह न केवल बच्चों, बल्कि बड़ों का भी पसंदीदा स्ट्रीट फूड है।
अक्सर लोग घर पर नूडल्स बनाने से कतराते हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि घर पर अच्छा स्वाद नहीं आएगा। लेकिन कुछ छोटी-छोटी ट्रिक्स के साथ आप इसे आसानी से घर पर बना सकते हैं। आइए जानते हैं चिकन नूडल्स बनाने की रेसिपी।
सामग्री
नूडल्स- 200 ग्राम (सादे या एग नूडल्स)
चिकन- 150 ग्राम (बोन लेस, छोटे पीसेज में कटा हुआ)
सब्जियां- आधा कप पत्ता गोभी (कटी हुई), 1 बड़ी शिमला मिर्च (लंबी कटी), 1 गाजर (लंबी कटी), और थोड़ा सा हरा प्याज
अदरक-लहसुन पेस्ट- 1 बड़ा चम्मच
सॉस- 2 चम्मच सोया सॉस, 1 चम्मच रेड चिली सॉस, 1 चम्मच विनेगर और 1 चम्मच टोमेटो केचप
मसाले- स्वादानुसार नमक, आधा चम्मच काली मिर्च पाउडर
तेल- 2-3 बड़े चम्मच
बनाने की विधि
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में पानी उबालें। जब पानी उबलने लगे, तो उसमें थोड़ा नमक और एक चम्मच तेल डालें। अब नूडल्स डालें और उन्हें 80-90% तक पकाएं। इसके बाद नूडल्स को छान लें और ठंडे पानी से धो लें और थोड़ा-सा तेल लगाकर अलग रख दें, ताकि वे आपस में चिपकें नहीं।
एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और इसमें कटे हुए चिकन के टुकड़ों को थोड़ा-सा नमक और काली मिर्च डालकर फ्राई करें। जब चिकन सुनहरा और अंदर से पक जाए, तो इसे एक प्लेट में निकाल लें।
इसके बाद उसी कड़ाही में बचा हुआ तेल गर्म करें। आंच को तेज रखें और इसमें कटा हुआ लहसुन और अदरक डालें। कुछ सेकंड भूनने के बाद इसमें प्याज, गाजर और शिमला मिर्च डालें। सब्जियों को केवल 1-2 मिनट तक भूनें ताकि उनका क्रिस्पीपन बना रहे।
अब सब्जियों में अब फ्राई किया हुआ चिकन और उबले हुए नूडल्स डालें। इसके ऊपर सोया सॉस, चिली सॉस, विनेगर, नमक और काली मिर्च डालें। अब दो बड़े चम्मच या चिमटे की मदद से इसे तेज आंच पर अच्छी तरह मिलाएं। ध्यान रहे कि नूडल्स टूटने नहीं चाहिए।
लास्ट में, बारीक कटा हुआ हरा प्याज ऊपर से डालें और एक आखिरी बार अच्छे से टॉस करें। आपकी गरमा-गरम चाइनीज चिकन नूडल्स तैयार है।




