घर पर मिनटों में बनाएं स्ट्रीट स्टाइल दही समोसा चाट

दही समोसा चाट उत्तर भारत का एक लोकप्रिय स्ट्रीट फूड है। यह समोसों, फेंटे हुए दही, खट्टी-मीठी और तीखी चटनी और खास मसालों का इस्तेमाल करके बनाया जाता है। अगर इसकी सही रेसिपी पता हो, तो यह चटपटा, मीठा और तीखा व्यंजन घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है।
समोसा एक ऐसा स्नैक है, जिसे हर कोई पसंद करता है। लेकिन जब इसी समोसे को मसालों, चटनी और ठंडी-ठंडी दही के साथ परोसा जाता है, तो यह बन जाता है, दही समोसा चाट। यह उत्तर भारत का एक बेहद लोकप्रिय स्ट्रीट फूड है, जो चटपटा, मीठा और तीखा होने के साथ-साथ बनाने में भी काफी आसान है।
अगर आपके घर में कुछ समोसे बच गए हैं या आप कुछ नया और मजेदार ट्राई करना चाहते हैं, तो यहां दी गई रेसिपी आपके बड़े काम आएगी।
सामग्री
2-4 तैयार समोसे (ताजे या बचे हुए)
दही का मिश्रण- 1 कप गाढ़ा दही (अच्छी तरह फेंटा हुआ), 1 चम्मच चीनी और चुटकी भर नमक
चटनियां- इमली की खट्टी-मीठी चटनी और हरी पुदीना-धनिया की तीखी चटनी
सब्जियां- बारीक कटा हुआ प्याज, उबले हुए काले चने या मटर, बारीक कटा हरा धनिया
मसाले- भुना हुआ जीरा पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, काला नमक और चाट मसाला
गार्निश के लिए- बारीक बेसन की सेव, अनार के दाने
बनाने की विधि
सबसे पहले दही को एक कटोरे में लें। इसमें थोड़ी चीनी और नमक डालकर अच्छी तरह फेंट लें, ताकि यह क्रीमी और स्मूथ हो जाए। चाट में ठंडी दही का स्वाद बहुत अच्छा आता है। अब समोसों को हल्का गर्म कर लें ताकि वे कुरकुरे हो जाएं।
अब एक चौड़ी प्लेट लें। इसमें दो समोसों को बीच से हल्का तोड़कर रखें। समोसों को बहुत ज्यादा मैश न करें, बस इतना तोड़ें कि मसाले और दही अंदर तक जा सकें। अगर आप चाहें तो समोसों के ऊपर थोड़े उबले हुए छोले या काले चने भी डाल सकते हैं।
अब समोसों के ऊपर खूब सारा फेंटा हुआ दही डालें। इसके बाद इसके ऊपर 2-3 चम्मच हरी चटनी और स्वादानुसार इमली की मीठी चटनी डालें। चटनियों की मात्रा आप अपने स्वाद के अनुसार कम या ज्यादा कर सकते हैं।
ऊपर से चुटकी भर लाल मिर्च पाउडर, काला नमक, भुना जीरा पाउडर और ढेर सारा चाट मसाला छिड़कें। ये मसाले चाट को वो असली स्ट्रीट स्टाइल स्वाद देते हैं।
अब इसके ऊपर बारीक कटा हुआ प्याज और हरा धनिया डालें। लास्ट में ढेर सारी बेसन की सेव और थोड़े से अनार के दाने डालकर सजाएं। आपकी गरमा-गरम और चटपटी ‘दही समोसा चाट’ तैयार है!
प्रो-टिप्स
कुरकुरापन- अगर समोसे ठंडे हैं, तो उन्हें ओवन या एयर फ्रायर में गर्म करें, इससे वे दोबारा क्रिस्पी हो जाएंगे।
ताजी चटनी- चाट का असली स्वाद ताजी बनी हुई हरी चटनी से आता है। इसमें नींबू का रस जरूर डालें।
दही की कंसिस्टेंसी- दही बहुत ज्यादा पतला न रखें, गाढ़ा दही चाट को एक रिच टेक्सचर देता है।




