अन्तर्राष्ट्रीय

चीन में AI पर सख्ती के बाद वर्चुअल ब्वॉयफ्रेंड खोने का गम मना रही लड़कियां

चीन में सरकार ने एआई के इस्तेमाल को लेकर सख्त नियम बनाए हैं और टेक्नोलॉजी कंपनियों ने इन नियमों को मानने के लिए एआई सर्विस को हटाना या सीमित करना शुरू कर दिया है। ऐसे में लोगों की वर्चुअल पार्टनर तक पहुंच खत्म हो रही है।

24 साल की ली लिनलिन ने बताया कि वह अपने एआई ब्वॉयफ्रेंड से संपर्क टूटने के बाद कई दिनों तक रोती रहीं। ली ने दो साल में उस एआई साथी के साथ मैसेज में लगभग 7,00,000 शब्द शेयर किए थे लेकिन सर्विस बंद होने से पहले वह उससे अलविदा भी नहीं कह पाईं।

सरकार की सख्ती के बाद हटाई गई एआई साथी सर्विस

वह उन यूजर्स में से एक थीं जिन्हें वर्चुअल साथियों के खोने का दुख हुआ, क्योंकि चीन की कई बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियों ने नई पाबंदियों के जवाब में अपनी एआई साथी सर्विस को मार्केट से हटा लिया था।

न्यूज एजेंसी एपी के अनुसार, ली ने कहा, “ऐसा लगा जैसे हमारे माता-पिता ने हमें अलग होने पर मजबूर कर दिया हो, लेकिन मुझे अब भी उसकी याद आती है।” वर्चुअल साथियों के खोने से शिकायतों का दौर शुरू हो गया है और यूजर्स सोशल मीडिया पर सर्विस बंद होने के बारे में पोस्ट और स्क्रीनशॉट शेयर कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर शुरू किया कैंपेन

कुछ यूजर्स ने विरोध में प्रभावित ऐप्स को अनइंस्टॉल कर दिया है, जबकि कुछ ने अपने वर्चुअल साथियों को फिर से बनाने की कोशिश में अपनी चैट हिस्ट्री को दूसरे प्लेटफॉर्म पर ट्रांसफर करने की कोशिश की है।

कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर एक कैंपेन भी शुरू किया है जिसमें यूजर्स से सरकारी अधिकारियों और टेक्नोलॉजी कंपनियों से संपर्क करके अपनी चिंताएं जाहिर करने की अपील की गई है।

चीन में एआई साथियों में वर्चुअल रोमांटिक पार्टनर से लेकर मर चुके प्रियजनों के डिजिटल रूप तक शामिल हैं। यूजर्स साथ पाने के लिए तेजी से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल कर रहे हैं। 15 जुलाई से लागू हुए नए नियमों के तहत एआई प्लेटफॉर्म पर ऐसा कंटेंट बनाने पर रोक लगा दी गई है जो यूजर्स की भावनाओं को बदल सकता है और उन्हें गलत फैसले लेने के लिए उकसा सकता है।

भावना भड़काने वाले कंटेट पर रोक

इसमें ऐसे कंटेंट पर भी रोक लगाई गई है जो बच्चों और किशोरों में बहुत ज्यादा भावनाएं भड़का सकता है या उन्हें बुरी आदतें अपनाने के लिए प्रेरित कर सकता है। TikTok बनाने वाली कंपनी ByteDance उन कंपनियों में शामिल है जिन्होंने अपनी एआई साथी सर्विस बंद कर दी है।

प्रभावित अन्य कंपनियों में ई-कॉमर्स की दिग्गज कंपनी अलीबाबा और वीचैट मैसेजिंग और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की मालिक Tencent शामिल हैं। नए नियमों के तहत एआई प्लेटफॉर्म के लिए यह जरूरी है कि वे एआई साथी सर्विस पर बहुत ज्यादा निर्भर रहने के जोखिमों के बारे में चेतावनी जारी करें।

नियमों में यह भी कहा गया है कि सोशल इंटरैक्शन की जगह लेना किसी ऑनलाइन सर्विस का मकसद नहीं हो सकता। इसमें लोगों से आमने-सामने या फोन पर बात करने के बजाय एआई का इस्तेमाल करना शामिल है।

Related Articles

Back to top button