
झारखंड की राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। एक ओर जहां चुनावी मौसम में पूरा शहर डूबा था तो वहीं, सोमवार की रात आठ बजे अचानक तेज हवाओं ने पूरे शहर को धूल-धुसरित कर दिया। तेज हवा के साथ बूंदाबांदी ने तापमान गिरा दिया है।
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य का मौसम शुष्क बना रहा जबकि दिन में गर्मी का अहसास हुआ। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा का, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 12 डिग्री गुमला का रिकार्ड किया गया।
वहीं, राजधानी रांची का अधिकतम 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। हालांकि, सोमवार को तेज हवा और कई जगहों पर बूंदाबांदी ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। लगातार बढ़ रहे तापमान के कम होने के आसार हैं।
तापमान में गिरावट की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान में बताया गया है कि पूरे राज्य में अगले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों तक यानी 25, 26 ओर 27 फरवरी को तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है।
वहीं, 24 फरवरी को राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में बादल छाए रहेंगे। राज्य के दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां के अलावा निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी,
गुमला, बोकारो, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में मेघगर्जन के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है।
इन हिस्सों के करीब 13 जिलों में मेघगर्जन के साथ वर्षा होने की पूरी संभावना है। वहीं, 25, 26 और 27 फरवरी को राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह में कुहासा और बाद में आंशिक बादल छाए रहेंगे, साथ ही मौसम शुष्क बना रहेगा।
मौसम में बदलाव के संकेत हैं। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि तेज हवा के साथ राजधानी व आसपास के जिलों हुई बूंदाबांदी से तापमान गिरेगा। उन्होंने कहा कि कुहासे का असर बढ़ेगा और दृश्यता घटेगी।
उन्होंने बताया कि मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण गर्मी से राहत मिलेगी और मौसम सुहावना बना रहेगा। मौसम विज्ञानी ने मौसम में लगातार हो रहे परिवर्तन से सतर्क रहने की सलाह दी है।
अगले चार दिन राजधानी का इतना रहेगा तापमान
24 फरवरी : अधिकतम 29 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस
25 फरवरी : अधिकतम 29 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस
26 फरवरी : अधिकतम 29 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस
27 फरवरी : अधिकतम 30 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस




