
राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में अगले चार दिनों तक ठंड से राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान में बताया गया है कि अगले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
इसके बाद अगले चार दिनों तक यानी 2, 3, 4, और 5 फरवरी को तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है। जिससे ठंड का असर कम होगा और राहत मिलेगी।
आंशिक रूप से बादल छाने की संभावना
यही नहीं अगले 24 घंटे के दौरान राज्य में कहीं कहीं कोहरा या आंशिक रूप से बादल छाने की संभावना है और मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम में हो रहे उतार चढ़ाव से आमजनों की सेहत पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया तापमान में यह उतार-चढ़ाव फिलहाल बना रहेगा। पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा। राज्य में कहीं कहीं पर हल्के और मध्यम दर्जे का कोहरा देखा गया।
कांके में सबसे कम न्यूनतम तापमान
सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस सरायकेला का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री कांके का रिकॉर्ड किया गया। वहीं, राजधानी रांची का अधिकतम 25.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले चार दिनों न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। जिससे ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है। बताया कि राज्य में अगले पांच दिनों तक तापमान यूं ही बना रहेगा। इस कारण राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में ठंड का असर कम होगा और लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी।
अगले चार दिन राजधानी का इतना रहेगा तापमान :
1 फरवरी : अधिकतम 27 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस
2 फरवरी : अधिकतम 28 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस
3 फरवरी : अधिकतम 27 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस
4 फरवरी : अधिकतम 27 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस



