झारखंडराज्य

झारखण्ड: आज शाम को दस्तक देगा ‘दाना’, 50 KM प्रतिघंटे की रफ्तार से चलेगी आंधी

 पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान ‘दाना’ 50 किमी प्रतिघंटे की गति के साथ उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। जिसका असर झारखंड व आसपास के राज्यों में भी देखने को मिलेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र रांची की ओर से जारी पूर्वानुमान की माने तो राज्य के उत्तर पूर्वी यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, धनबाद, गिरिडीह के अलावे निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी में इसका असर गुरुवार की शाम से देखने को मिलेगा।

इन जिलों में मेघगर्जन के साथ वर्षा होने की संभावना जताई जा रही है। इसे लेकर मौसम विज्ञान केंद्र ने यलो अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य के दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां में 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की गति से तेज हवा बहेगी और इसे लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

कई जिलों में भारी वर्षा की संभावना:
मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति राज्य के इन जिलों में 26 अक्टूबर तक बनी रहेगी। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने लो प्रेशर जोन का असर झारखंड में 24 अक्टूबर की शाम तक दिखेगा। इस कारण आंधी चलने के साथ कई जगह भारी वर्षा होगी। इस कारण अगले तीन चार दिनों तक दोबारा वर्षापात होगी और तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी।

मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने इन अलर्ट के मद्देनजर आमजनों व किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। अभिषेक आनंद ने कहा कि अलर्ट को देखते हुए सतर्क और सावधान रहें। सुरक्षित स्थान में शरण लें। पेड़ के नीचे खड़ा न हों। बिजली के पोल से दूर रहें। किसान अपने खेत में न जाएं और मौसम सामान्य होने का इंतजार करें। वर्षा व मेघगर्जन के दौरान बिजली के उपकरणों का उपयोग न करें।

ऐसा रहा मौसम:
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में मौसम शुष्क बना रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस गोड्डा का और सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रांची का रिकार्ड किया गया। राजधानी का अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

चक्रवाती तूफान के कारण भुनेश्वर- दिल्ली राजधानी ट्रेन रद
चक्रवाती तूफान ‘दाना’ के कारण 22824 नई दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी (वाया-मुरी) ट्रेन का परिचालन नहीं हुआ, जिससे यात्रियों को असुविधा हुई और उन्हें अन्य विकल्पों का सहारा लेना पड़ा। रेलवे ने ओडिशा से रांची होते हुए अन्य शहरों में जाने वाली कई ट्रेनों को रद कर दिया है। अब तक सात ट्रेनों को रद करने का निर्णय लिया गया है।

22823 भुवनेश्वर-नई दिल्ली राजधानी (वाया-मुरी) 25 अक्टूबर, 18451 हटिया-पुरी तपस्विनी एक्सप्रेस 24 अक्टूबर, 18452 पुरी-हटिया तपस्विनी एक्सप्रेस 24 अक्टूबर, 02832 भुवनेश्वर-धनबाद गरीबरथ एक्सप्रेस 24 अक्टूबर, 02831 धनबाद-भुवनेश्वर गरीबरथ एक्सप्रेस 24 अक्टूबर, और 12875 पुरी-आनंदविहार टर्मिनल एक्सप्रेस (वाया-मुरी) 25 अक्टूबर को रद रहेंगी।

Related Articles

Back to top button