झारखंडराज्य

झारखण्ड: पीएम मोदी ने स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए चंपई सोरेन से की बात

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को बल्ड शुगर से संबंधित समस्याओं के शनिवार को जमशेदपुर के टाटा मेन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चंपई सोरेन से बात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। पूर्व सीएम के करीबी ने इसकी जानकारी दी। ब्लड शुगर के स्तर में गिरावट के कारण चक्कर आने के बाद उन्हें शनिवार की रात नौ बजे अस्पताल ले जाया गया था।

पूर्व सीएम और भाजपा नेता चंपई सोरेन के करीबी ने कहा, “आज सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चंपई सोरेन जी को कॉल किया। उन्होंने उनके (सोरेन) स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और जल्द ठीक होने की कामना की।” चंपई सोरेन ने पीएम मोदी का धन्यवाद किया और बताया कि वे फिलहाल ठीक है और जल्द अस्पताल से उनकी छुट्टी होने वाली है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी जल्द ठीक होने की कामना की
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पूर्व सीएम के जल्द ठीक होने की कामना की। उन्होंने कहा, “मैं मरांग बुरु (आदिवासी देवता) से चंपई दा को जल्द ठीक करने की विनती करता हूं। मैं उनकी लंबी उम्र की भी कामना करता हूं।” झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने पोस्ट करते हुए कहा, “हम मरांग बुरु से प्रार्थना करते हैं कि आप जल्द ठीक होकर मैदान में आए। दादा आपको कोई चिंता न सताए। कई बार हम इतना बोझ ले लेते हैं कि इसका असर हमारे स्वास्थ्य पर पड़ने लगता है।”

टाटा मेन अस्पताल के अधिकारी ने बताया कि चंपई सोरेन की स्थिति में सुधार है और वह बेहतर हो रहे हैं। बता दें कि 67 वर्षीय चंपई सोरेन अगस्त में भाजपा में शामिल हुए थे। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा हेमंत सोरेन को गिरफ्तार करने और मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा देने के बाद दो फरवरी को चंपई सोरेन को झारखंड का मुख्यमंत्री बनाया गया था। हालांकि, हेमंत सोरेन के रिहा होने के बाद तीन जुलाई को उन्हें सीएम पद छोड़ना पड़ा था।

Related Articles

Back to top button