
गजियाबाद से दिल्ली की आवाजाही कुछ दिनों में आसान हाे जाएगी। सिग्नेचर ब्रिज से गाजियाबाद को जाने वाली वजीराबाद रोड पर बन रहा नंदनगरी फ्लाईओवर तैयार हो चुका है। इसे इसी माह लोगों को समर्पित करने की योजना है। बताया जा रहा है कि फ्लाईओवर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के दिन शुरू किया जा सकता है।
बीते माह पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने फ्लाईओवर का निरीक्षण कर कहा था कि इसे पीएम के जन्मदिन के दिन शुरू किया जाएगा। यह फ्लाईओवर वजीराबाद रोड (मंगल पांडे रोड) को सिग्नेचर ब्रिज से लेकर गाजियाबाद बॉर्डर तक पूरी तरह सिग्नल फ्री बनाने की योजना है।
इसके शुरू होने से उत्तरी दिल्ली के लोगों का पूर्वी दिल्ली होते हुए गाजियाबाद आना जाना आसान हो जाएगा। लगभग 1.4 किमी का यह फ्लाईओवर सिंगल पिलर डिजाइन पर बनाया गया है। निर्माण कार्य में कई बार पेड़ों के स्थानांतरण और अनुमति संबंधी बाधाओं के कारण देरी हुई, लेकिन अब यह परियोजना पूरी हो चुकी है।
फ्लाईओवर के नीचे छह यू-टर्न बनाए गए हैं, जिससे आसपास की कॉलोनियों के लोग आसानी से सड़क पार सकेंगे। फ्लाईओवर मंडोली जेल परिसर से लेकर गगन सिनेमा तक है। इस रूट पर नंद नगरी, गोकुलपुरी और भजनपुरा जैसे प्रमुख जंक्शन आते हैं, जहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है।
फ्लाईओवर के शुरू होने से इन इलाकों में भारी वाहनों और रोजाना आवाजाही करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही गाजियाबाद से दिल्ली आने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्ग मिलेगा।अधिकारियों ने बताया कि फ्लाईओवर के निर्माण में लागत का बड़ा हिस्सा यातायात सुधार और सुरक्षा पर खर्च किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि सड़क पर हाई-मास्ट लाइटिंग, सीसीटीवी कैमरे और आधुनिक बैरियर लगाए जाएंगे ताकि दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। इसके अलावा फ्लाईओवर से जुड़ने वाली सर्विस लेन और अंडरपास का काम भी तेजी से चल रहा है।
फ्लाईओवर शुरू होने का सबसे ज़्यादा लाभ नंद नगरी और आसपास की कॉलोनियों के लोगों को मिलेगा। अब तक इन इलाकों में ट्रैफिक जाम आम समस्या रही है, जिससे कार्यालय जाने वाले और छात्रों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती थी।
इसी रोड पर डबल डेकर फ्लाईओवर का भी हो रहा निर्माण
अधिकारियों ने बताया कि वजीराबाद रोड लंबे समय से कई ट्रैफिक कट्स और अव्यवस्थित चौराहों के कारण ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहा था। इसके समाधान के लिए दिल्ली सरकार ने दो भागों में फ्लाईओवर निर्माण की योजना बनाई है।
इसमें एक 1.3 किमी लंबा डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण कार्य दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) की ओर से किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इसका निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में है। इसमें ऊपर मेट्रो चलेगी जबकि बीच वाले फ्लाईओवर पर ट्रैफिक।