दिल्लीराज्य

दिल्ली में आज ट्रैफिक रहेगा बाधित, लगेगा महाजाम! इन सड़कों से बचें

भारत मंडपम में आयोजित हो रहे एआई इम्पैक्ट समिट के मद्देनजर, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 18 फरवरी की शाम को यातायात व्यवस्था में विशेष इंतजामों की घोषणा की है। भारत मंडपम के आसपास वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए, शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे। इस दौरान नई दिल्ली क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जाम लगने की संभावना है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने और यात्रा पहले से प्लान करने की सलाह दी है।

वीवीआईपी मूवमेंट और ट्रैफिक प्रतिबंध
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों और 85 से अधिक मंत्रियों के समिट में शिरकत करने के कारण, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शाम 4 बजे से वीवीआईपी काफिले की आवाजाही शुरू हो जाएगी, जो रात 10 से 11 बजे तक जारी रह सकती है। इस अवधि में, नई दिल्ली के कई हिस्सों में यातायात को नियंत्रित किया जाएगा और वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। ऑफिस से लौटने वाले लोगों और यात्रियों को भारी जाम का सामना करना पड़ सकता है।

यातायात प्रभावित होने वाले क्षेत्र और सलाह
पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे शाम 4 बजे के बाद नई दिल्ली इलाके से अनावश्यक आवाजाही से बचें। जिन सड़कों पर वीवीआईपी मूवमेंट की उम्मीद है, वहां ट्रैफिक जाम की स्थिति गंभीर हो सकती है। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा की योजना बनाते समय इन प्रतिबंधों का ध्यान रखें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

इन सड़कों पर रहेगा असर
एडवाइजरी के अनुसार, सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रेसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, जनपथ, विंडसर प्लेस, तीस जनवरी मार्ग, पृथ्वीराज रोड, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रह्मण्यम भारती मार्ग और मथुरा रोड (लोधी फ्लाईओवर से भैरों मार्ग तक) पर ट्रैफिक नियंत्रित रहेगा. इसके अलावा शांति पथ (सत्या मार्ग से कौटिल्य मार्ग के बीच), अफ्रीका एवेन्यू, सत्या मार्ग (यशवंत प्लेस से शांति पथ तक) और डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग पर भी जाम की संभावना जताई गई है।

इन वैकल्पिक मार्गों से चलने की सलाह
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कुछ वैकल्पिक मार्ग सुझाए हैं। इनमें सैन मार्टिन मार्ग, पंचशील मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम मार्ग, कमाल अतातुर्क मार्ग, अरबिंदो मार्ग, लोधी रोड, साउथ एवेन्यू रोड, वंदेमातरम मार्ग, बारापुला रोड, रिंग रोड, तिलक मार्ग, फिरोजशाह रोड, रफी मार्ग, संसद मार्ग और के. कामराज मार्ग शामिल हैं।

गौरतलब है कि 16 से 20 फरवरी तक दिल्ली के भारत मंडपम में एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का आयोजन किया जा है। इस मेगा आयोजन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने शहर भर में 10 हजार से अधिक कर्मियों को तैनात किया है। इनमें से लगभग 5 हजार ट्रैफिक कर्मचारी वाहनों की आवाजाही, मार्ग परिवर्तन और वीआईपी रूट्स को संभालने में लगाए गए हैं।

Related Articles

Back to top button