
धनबाद नगर निगम चुनाव के लिए परिवहन व्यवस्था की तैयारी शुरू कर दी गई है। चुनाव कार्य में विभिन्न प्रकार के 850 से अधिक वाहनों की तैनाती की जाएगी। वाहन कोषांग इन वाहनों के लिए दैनिक किराए का निर्धारण भी करेगा। चुनाव ड्यूटी में लगने वाले सभी वाहन 21 और 22 फरवरी को रणधीर वर्मा स्टेडियम में जमा किए जाएंगे।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने सभी संबंधित स्कूल प्रबंधन, वाहन मालिकों और ट्रांसपोर्टरों को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए उनके साथ लगातार बैठके भी कर रहा है। दो दिन पूर्व ही शिक्षित बेरोजगार स्कूल वन संचालन एसोसिएशन के साथ डीटीओ ने बैठक कर सहयोग मांगा। बैठक के दौरान जिला स्कूल वैन एसोसिएशन के अध्यक्ष रामायण सिंह सहयोग देने का आश्वासन दिया।
रणधीर वर्मा स्टेडियम में बनेगा वाहन कोषांग कार्यालय
चुनाव कार्य में बस, मिनी बस, कार, जीप, ट्रक, आटो, टेंपो, बाइक, साइकिल और इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग किया जाएगा। रणधीर वर्मा स्टेडियम में वाहनों की साइनिंग और सत्यापन के लिए विशेष कार्यालय बनाया गया है। शुक्रवार से यह कार्यालय काम करने लगेगा।
इसी स्थान से मतदान कर्मियों, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और अन्य चुनाव से जुड़े कर्मियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। इन वाहनों का इस्तेमाल इवीएम और अन्य चुनावी सामग्री के सुरक्षित परिवहन के लिए भी किया जाएगा।
यात्री बसों की दरें सीट क्षमता पर आधारित
यात्री बसों की दरें उनकी सीट क्षमता के आधार पर तय की गई है। 49 या उससे अधिक सीटों वाली बस के लिए प्रतिदिन 3530 रुपये, 33 से 48 सीटों वाली बस के लिए 2980 रुपये और 23 से 32 सीटों वाली बस के लिए 2520 रुपये प्रतिदिन का भुगतान किया जाएगा।वहीं 14 से 22 सीटों वाली मिनी बस के लिए 1800 रुपये तथा आठ से 13 सीटों वाली मिनी बस के लिए 800 से 1400 रुपये प्रतिदिन की दर तय की गई है। कार, जीप और अन्य हल्के वाहनों के लिए अलग-अलग दरें तय की गई है।
एर्टिगा, सेंट्रो, इंडिका, विंगर और फोर्ड जैसे वातानुकूलित वाहनों के लिए 1340 रुपये व बिना एसी वाहनों के लिए 1170 रुपये प्रतिदिन निर्धारित किए गए हैं। एसेंट सिएना और जाइलो जैसे वाहनों के लिए एसी में 1470 रुपये और नान-एसी में 1280 रुपये तय किए गए हैं। इनोवा के लिए एसी में 1520 रुपये और बिना एसी के 1340 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे। स्विफ्ट और इंडिगो के लिए एसी में 1340 रुपये तथा नान-एसी में 1220 रुपये निर्धारित किया गया है। स्कार्पियो, टाटा सफारी, टवेरा, शेवरलेट, बीट और वरना जैसे वाहनों के लिए 1470 रुपये प्रतिदिन की दर लागू होगी।
दोपहिया, तिपहिया और इलेक्ट्रिक वाहन भी शामिल
दोपहिया और तिपहिया वाहनों को भी चुनाव कार्य में शामिल किया गया है। आटो रिक्शा के लिए 620 रुपये प्रतिदिन, मोटरसाइकिल और स्कूटर के लिए 250 रुपये तथा साइकिल के लिए 50 रुपये प्रतिदिन का भुगतान किया जाएगा। इस बार चुनाव कार्य में इलेक्ट्रिक वाहनों को भी प्रमुखता से शामिल किया गया है।
महिंद्रा एक्सयूवी 400 इवी, टाटा नेक्सन इवी और टाटा टिगोर इवी के लिए एसी में 1470 रुपये और बिना एसी के 1280 रुपये प्रतिदिन दिया जाएगा। टाटा पंच इवी और टाटा टियागो इवी के लिए एसी में 1340 रुपये तथा नान-एसी में 1170 रुपये तय किया गया है। इलेक्ट्रिक आटो को 620 रुपये और ई-रिक्शा व ई-कार्ट को 400 रुपये प्रतिदिन का भुगतान किया जाएगा।




