नाश्ते में बनाएं खस्ता बेड़मी पूरी और चटपटी आलू की सब्जी

सुबह के नाश्ते के लिए इस रेसिपी से बनाएं आलू की सब्जी और बेड़मी पूड़ी।
अगर आप उत्तर भारत, खासकर दिल्ली, मथुरा या आगरा की गलियों में सुबह की सैर पर निकलें, तो मसालों की महक और कड़ाही में छनती पूरियों की आवाज आपका स्वागत करेगी।
बेड़मी पूरी और आलू की सब्जी केवल एक नाश्ता नहीं, बल्कि एक एहसास है। सामान्य पूरियों के मुकाबले बेड़मी पूरी थोड़ी मोटी, खस्ता और मसालों से भरी होती है। आइए आज इन्हें घर पर बनाने की रेसिपी जानते हैं।
सामग्री
बेड़मी पूरी के लिए-
गेहूं का आटा- 2 कप
सूजी- आधा कप (कुरकुरेपन के लिए)
धुली उड़द दाल- आधा कप (2 घंटे भिगोई हुई)
मसाले- सौंफ पाउडर (1 चम्मच), लाल मिर्च, हींग (चुटकी भर), नमक और तेल
आलू की सब्जी के लिए-
उबले आलू- 4-5 मध्यम आकार के
टमाटर- 2 बारीक कटे हुए
मसाले- जीरा, तेजपत्ता, हल्दी, धनिया पाउडर, गरम मसाला, अमचूर पाउडर और कसूरी मेथी
तड़का- अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट और देसी घी या तेल
बनाने की विधि
सबसे पहले भिगोई हुई उड़द दाल को अदरक और हरी मिर्च के साथ दरदरा पीस लें। अब एक परात में आटा, सूजी, पिसी हुई दाल, सौंफ पाउडर, हींग और थोड़ा सा तेल डालकर मिलाएं। थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर एक सख्त आटा गूंथ लें। इसे 20 मिनट के लिए ढककर छोड़ दें ताकि सूजी फूल जाए।
अब एक कड़ाही में तेल या घी गर्म करें। इसमें जीरा, हींग, तेजपत्ता और अदरक-मिर्च का पेस्ट डालकर भूनें। अब टमाटर डालकर गलने तक पकाएं। इसके बाद सभी सूखे मसाले डालें।
जब मसाला तेल छोड़ दे, तो उबले हुए आलुओं को हाथों से मैश करके डालें और जरूरत के हिसाब से पानी डालें और सब्जी को 10-15 मिनट तक धीमी आंच पर उबलने दें। लास्ट में अमचूर, गरम मसाला और कसूरी मेथी डालकर गैस बंद कर दें।
इसके बाद आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें थोड़ा मोटा बेल लें। कड़ाही में तेल तेज गर्म करें, फिर आंच मध्यम कर दें। पूरी को सुनहरा और एकदम खस्ता होने तक तलें।
स्पेशल टिप्स
बेड़मी पूरी और आलू की सब्जी का असली स्वाद अच्छी गुणवत्ता वाली हींग से आता है, इसे स्किप न करें।
दाल को बारीक पेस्ट बनाने के बजाय दरदरा पीसें, इससे पूरी का टेक्सचर बहुत अच्छा आता है।


