
पंजाब के घनौर इलाके में घग्गर नदी में आई भीषण बाढ़ ने गांव लाछरू और चमारू में तबाही मचा दी है। पूरा गांव 5 से 6 फुट पानी में डूब गया। भारतीय सेना के जवानों ने देवदूत बनकर सैकड़ों लोगों की जान बचाई। जवानों ने न सिर्फ लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया, बल्कि मौत के करीब पहुंच चुके एक व्यक्ति को भी बचाया, जिसे बाढ़ के पानी में एक सांप ने काट लिया था।
जान पर खतरा, फिर भी फरिश्ते बनकर पहुंचे फौजी
बाढ़ का पानी इतना ज्यादा है कि गांव के घर, खेत, और स्कूल सब कुछ डूब गए थे। चमारू गांव में एक व्यक्ति को पानी में सांप ने काट लिया था। ग्रामीणों ने तुरंत भारतीय सेना को मदद के लिए बुलाया।
सेना के जवान बिना एक पल की देरी किए अपनी जान जोखिम में डालकर नाव लेकर पानी में उतर गए। उन्होंने उस घायल व्यक्ति को सुरक्षित निकाला और तुरंत एंबुलेंस तक पहुंचाया। उनकी बहादुरी और त्वरित कार्रवाई की वजह से उस व्यक्ति की जान बचाई जा सकी।
नरेंद्र पाल ने बताया कि पानी का बहाव इतना तेज था कि प्रशासन की चेतावनी के बाद भी लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। लेकिन सेना ने हर मुश्किल को पार करते हुए रास्ता बनाया और कई लोगों को सुरक्षित निकाला। जब सेना के जवान बचाव कार्य पूरा करके वापस जा रहे थे, तब पूरा गांव ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा। लोगों ने जवानों का दिल से आभार व्यक्त किया।