पंजाबराज्य

पंजाब में BJP नेता पर हमला: पार्टी उपाध्यक्ष पर फैक्ट्री के बाहर युवकों ने किया हमला

पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष और कारोबारी जतिंदर मित्तल पर शनिवार की रात अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। कुछ युवक जतिंदर मित्तल की फैक्ट्री के बाहर झगड़ा कर रहे थे। जतिंदर मित्तल युवकों का बीच-बचाव करने लगे। तभी युवकों ने उनपर हमला कर दिया। जतिंदर मित्तल के साथी ने उन्हें युवकों से बचाया और एक हमलावर को मौके पर काबू कर लिया।

हैरानी की बात यह है कि जतिंदर मित्तल पर हमला शनिवार की देर रात हुआ और पुलिस रविवार की दोपहर 17 घंटे बाद मौके पर पहुंची। इस कारण भाजपा नेताओं में रोष था और पुलिस के साथ उनकी बहस भी हुई। थाना फोकल पॉइंट पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

जतिंदर मित्तल ने बताया कि शनिवार नौ बजे फोकल प्वाइंट स्थित फेज-1 में वह अपने ऑफिस में काम कर रहे थे। तभी में फैक्ट्री के दरवाजे पर कुछ युवक आपस में झगड़ रहे थे। उन लोगों ने उनकी फैक्ट्री के गेट पर ईंट-पत्थर फेंके। जब मित्तल ने उन्हें रोका तो कुछ देर बाद एक युवक धारदार हथियार लेकर उनकी फैक्ट्री के बाहर पहुंचा। जब मित्तल फैक्ट्री से बाहर निकलने तो हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया।

इस दौरान वहां मौजूद मित्तल का मुंह बोला भतीजा रोबिन खन्ना उनके साथ था। उसने हमलावर का हाथ पकड़ लिया और उसे नीचे गिरा दिया। मित्तल ने थाना फोकल पॉइंट के एसएचओ की कार्यप्रणाली पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने रात को करीब 5 से 7 बार इलाके के एसएचओ गुरप्रीत सिंह हांडा को फोन किया लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। पुलिस कमिश्नर कुलदीप चाहल और एडीसीपी-4 प्रभजोत सिंह से बात करने के बाद 17 घंटे बाद एसएचओ गुरप्रीत हांडा मौके देखने आए।

पंजाब में अब कानून का राज नहीं बल्कि अपराधियों का राज-रजनीश धीमान
भाजपा जिला अध्यक्ष रजनीश धीमान ने राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की आलोचना की। उन्होंने कहा कि भगवंत मान राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहे हैं। हर रोज लुधियाना में बड़ी-बड़ी आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। एक दिन पहले लुधियाना में कांग्रेस के जिला प्रधान संजय तलवार की कार पर गोलियां चली। रात को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जतिंदर मित्तल पर भी कातिलाना हमला हुआ। पंजाब में हत्या से लेकर लूटपाट व गुंडागर्दी भगवंत मान सरकार के दौरान चरम पर है। पंजाब में अब कानून नहीं बल्कि अपराधियों का राज चलने लगा है। सरेआम गोलियां चलाई जाती हैं,रोजाना हो रही लूटपाट व हत्या व रंगदारी के मामले बढ़ रहे है।भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सोमवार को पुलिस कमिश्नर से मुलाकात करेंगे।

Related Articles

Back to top button