
केंद्र सरकार द्वारा लाए गए चार लेबर कोड के विरोध में विभिन्न बैंकिंग संगठनों व मजदूर संगठनों के आह्वान पर गुरुवार को भारत बंद का आह्वान किया गया। पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा, जगन्नाथपुर, झींकपानी, नोवामुंडी, बड़ाजामदा समेत कई क्षेत्रों में बंद समर्थक सड़कों पर उतरे।
चाईबासा शहर में सुबह से ही बंद का असर देखने को मिला। कई दुकानों के शटर गिरे रहे तथा बैंकिंग कार्य प्रभावित रहा। प्रमुख चौक-चौराहों पर बंद समर्थकों ने प्रदर्शन किया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
जगन्नाथपुर में मिला-जुला असर
जगन्नाथपुर अनुमंडल मुख्यालय में बंद का असर आंशिक रहा। गुरुवार को साप्ताहिक हाट होने के कारण दूर-दराज से ग्रामीण अपने उत्पादों की खरीद-बिक्री के लिए पहुंचते रहे। हालांकि सुबह मुख्य चौक पर बंद समर्थकों ने टायर जलाकर बंद का संकेत दिया, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बुझा दिया।
धीरे-धीरे दुकानें खुलने लगीं और दोपहिया-चारपहिया वाहनों का आवागमन सामान्य रहा, जबकि भारी वाहनों व यात्री बसों का परिचालन ठप रहा।
कुमारडुंगी व जैंतगढ़ में भी मिला-जुला असर
कुमारडुंगी मुख्य चौक पर बंद समर्थकों ने बाजार बंद कराने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने हटाया। जैंतगढ़ में भी बंद का आंशिक प्रभाव देखा गया।
चंपूआ में व्यापक असर
चंपूआ क्षेत्र में बंद का व्यापक असर रहा। ट्रक, बसों के साथ बैंक भी बंद रहे, जिससे करोड़ों रुपये का लेन-देन प्रभावित होने की सूचना है। जिलेभर में एहतियात के तौर पर सुरक्षा बल तैनात रहे। कहीं से भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।




