‘पाकिस्तान का भविष्य धुंधला है…’, इंडिया से मैच बॉयकॉट विवाद पर पूर्व कप्तान का तीखा हमला

टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान ने इंडिया के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच को खेलने से इनकार कर दिया है। पाकिस्तान सरकार ने कहा है कि नेशनल टीम टूर्नामेंट में हिस्सा तो लेगी, लेकिन इंडिया के खिलाफ मैच का वो बहिष्कार करेंगे। ऐसे में बॉयकॉट विवाद के बीच भारतीय क्रिकेट के दिग्गज कपिल देव ने निराशा जताई है।
उनका मानना है कि इस तरह के कदम से ना केवल पाकिस्तान क्रिकेट की साख पर असर पड़ेगा, बल्कि वहां मौजूद खिलाड़ियों के फ्यूचर पर भी भारी असर पड़ सकता है। उन्होंने साफ कहा कि अगर भारत के खिलाफ मैच न खेलने का फैसला खिलाड़ियों का होता तो वो खुलकर सामने आ सकते थे, लेकिन अगर ये फैसला पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से उन पर थोपा गया है, तो इससे देश की प्रतिष्ठता को ठेस पहुंच सकती है।
Kapil Dev ने बॉयकॉट विवाद पर दिया बेबाक बयान
दरअसल, पूर्व भारतीय कप्तान ने न्यूज चैनल एनडीटीवी से खास बातचीत में पाकिस्तान के इंडिया मैच बॉयकॉट करने के फैसले को उनके देश के लिए ही खतरनाक बताया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने हमेशा दुनिया को बेहतरीन क्रिकेट टैलेंट दिया है, लेकिन अगर खिलाड़ियों को विश्व कप जैसे मंच पर खेलने से रोका जाएगा, तो इसका नुकसान आगे आने वाली पीढ़ियों को होगा। उनका कहना है कि आप अपने ही खिलाड़ियों के साथ अन्याय कर रहे हैं और खेल को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने आखिर में कहा कि इस फैसले का भावनात्मक असर जरूर पड़ता है, लेकिन लंबे समय में लोग इसे भूल जाते हैं और आगे बढ़ जाते हैं। उनके कहने का मतलब ये ही था कि खेल चलता रहता है , लेकिन जो टीमें मौके गंवाती हैं, उन्हें इतिहास ज्यादा देर तक याद नहीं रखता।



