राज्यहरियाणा

फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर फायरिंग केस, बहादुरगढ़ STF व मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किए चार आरोपी

एसटीएफ यूनिट बहादुरगढ़ ने मुंबई पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग व रंगदारी मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितिक यादव निवासी बहाबीजौली जिला आगरा, दीपक निवासी सेक्टर-45 सादरपुर नोएडा, सनी निवासी बहाबीजौली आगरा और सोनू निवासी बहाबीजौली आगरा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार यह मामला डीसीबी सीआईडी मुंबई में दर्ज केस नंबर 19/2026 से संबंधित है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, एमपीए की धारा 37(1), 37(2) और आर्म्स एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं। आरोपियों से एक मोबाइल फोन व बाइक बरामद की गई है। जांच में सामने आया है कि 31 जनवरी 2026 की रात आरोपियों ने कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के इशारे पर फिल्म निर्माता के घर पर रंगदारी के लिए फायरिंग की थी। इस वारदात के बाद मुंबई पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

संयुक्त ऑपरेशन के बाद गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए मुंबई पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल के इंचार्ज निरीक्षक सुनील पवार की टीम को सौंप दिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों व साजिश से जुड़े लोगों की तलाश कर रही है।

बहादुरगढ़ एसटीएफ के प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि इस कार्रवाई से रंगदारी और गैंगवार से जुड़े अपराधों पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों रितिक यादव, दीपक, सनी और सोनू पर फिलहाल एक-एक केस दर्ज है। सभी के खिलाफ एफआईआर नंबर 19/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, एमपीए की धारा 37(1), 37(2) तथा 3, 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। 

यह केस डीसीबी सीआईडी मुंबई में दर्ज है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान यदि अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्तता सामने आती है तो अलग-अलग केस दर्ज किए जाएंगे। फिलहाल चारों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए मुंबई पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल को सौंप दिया गया है।

Related Articles

Back to top button