राजस्थानराज्य

फ्लाईओवर, ट्रामा सेंटर और सेटेलाइट अस्पताल; आज सांगानेर को मिलेगी 631 करोड़ की परियोजनाएं

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज सांगानेर विधानसभा क्षेत्र को 631 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। सांगानेर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कुल 1538 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज सांगानेर विधानसभा क्षेत्र को 631 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। सांगानेर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कुल 1538 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही स्वामित्व कार्ड वितरण तथा विभिन्न जनहित योजनाओं से जुड़े कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे।

मुख्यमंत्री 208 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 1350 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इनमें सड़क, पेयजल, सीवर लाइन, नाला निर्माण, पार्क, विद्यालय भवन, स्वास्थ्य सुविधाएं, विद्युत और यातायात सुधार से जुड़े कार्य शामिल हैं।

वहीं 422 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 188 नए विकास कार्यों का शिलान्यास किया जाएगा। इनमें जयपुर-भीलवाड़ा रोड पर मुहाना मोड़ जंक्शन पर बनने वाला 124 करोड़ रुपये का फ्लाईओवर, बंबाला क्षेत्र में 88 करोड़ रुपये की सीवरेज परियोजना, एसटीपी और ट्रंक मेन लाइन, भांकरोटा में नवीन ट्रोमा सेंटर और पृथ्वीराज नगर में सेटेलाइट अस्पताल प्रमुख हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नगर निगम की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सुपर सकर मशीन, मैकेनिकल लिटर पिकर मशीन और स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 के लिए जनजागरूकता ब्रांडिंग ऑटो को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों को उनकी आवासीय संपत्तियों के कानूनी स्वामित्व का अधिकार देने के लिए स्वामित्व कार्ड भी वितरित किए जाएंगे। राज्य में अब तक 8 हजार से अधिक गांवों में 14 लाख से ज्यादा स्वामित्व कार्ड जारी किए जा चुके हैं।

सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं से सांगानेर क्षेत्र में स्वास्थ्य, यातायात, पेयजल, स्वच्छता और शहरी आधारभूत सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के लिए अब तक की सबसे बड़ी विकास सौगातों में से एक माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button