उत्तरप्रदेशराज्य

बरेली, गोरखपुर समेत कई जिलों में घना कोहरा, तापमान में उछाल का अलर्ट!

उत्तर प्रदेश में मौसम ने फिर अपना मिजाज बदल लिया है। तेज धूप के बाद अब राज्य के कई इलाकों में घना कोहरा छाने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इसे लेकर अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 10 फरवरी को यूपी के तराई क्षेत्र में सुबह के समय कहीं मध्यम और कहीं घना कोहरा छाया रहेगा। कोहरे के कारण तापमान में थोड़ी उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी। साथ ही, आज एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को भी प्रभावित करेगा।

घने कोहरे की संभावना वाले जिले
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, सोमवार (9 फरवरी) को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाएगा। इन जिलों में शामिल हैं गोरखपुर, बरेली, रामपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महराजगंज और कुशीनगर। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 

वहीं, कुछ जिलों में हल्का कोहरा रहेगा, जिसमें दृश्यता 100 से 500 मीटर के बीच रहेगी। ये जिले हैं: आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, बस्ती, अंबेडकर नगर, बाराबंकी, सीतापुर, बिजनौर और शाहजहांपुर। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

धूप खिलने वाले जिले
कई जिलों में मौसम साफ रहेगा और सुबह से धूप खिली रहेगी। इन जिलों में हैं अयोध्या, अमेठी, वाराणसी, मिर्जापुर, सोमभद्र, चंदौली, मेरठ, कानपुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़, रायबरेली, आगरा, जौनपुर, गाजीपुर, मथुरा और इटावा। यहां अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

लखनऊ और नोएडा का हाल
राजधानी लखनऊ में सोमवार को आसमान साफ रहेगा और दिन के समय धूप थोड़ी तेज रहेगी। अनुमान है कि यहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा। दिल्ली के पास स्थित नोएडा में सुबह के समय हल्का कोहरा रहेगा, लेकिन दिन में आसमान साफ रहेगा। यहां न्यूनतम तापमान 11 और अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

मौसम में आने वाले बदलाव
बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, फिलहाल कुछ दिनों तक यूपी में मौसम सामान्य ही रहेगा। लेकिन जब नया वेदर सिस्टम सक्रिय होगा, तब मौसम में तेज़ उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

Related Articles

Back to top button