बहाने पर बहाने… श्रेयस अय्यर ने टीम की खस्ता हालत पर दिया सिर चकराने वाला बयान, हर कोई हैरान

भारत की टी20 टीम के नए कप्तान श्रेयस अय्यर के बहाने खत्म नहीं हो रहे हैं। अब उन्होंने एक और शगूफा छेड़ दिया है। इंग्लैंड से चौथे टी-20 सहित सीरीज भी हारने के बाद श्रेयस अय्यर ने कहा कि भारतीय टीम अभी बदलाव के दौर से गुजर रही है और उन्हें भरोसा है कि खिलाड़ी अपनी गलतियों से सीखेंगे।
इंग्लैंड से सीरीज गंवाने से पहले भारत को आयरलैंड जैसी टीम ने भी पटखनी दी थी। आयरलैंड ने अपने घर में भारत को 2-0 से हराया था। ये उसकी भारत के खिलाफ पहली सीरीज जीत थी।
‘हम गलतियां करेंगे’
उन्होंने कहा कि देखिए, यह बदलाव का दौर है और हम बहुत सी गलतियां करेंगे। आप यहां इन परिस्थितियों में बहुत से युवा खिलाड़ियों को पहली बार खेलते हुए देख रहे हैं। इसलिए गलतियों से उन्हें निश्चित रूप से यह एहसास होगा कि विदेशी परिस्थितियों में खुद को ढालना और सही समझ रखना कितना महत्वपूर्ण है।
अय्यर ने यह भी माना की चौथे मुकाबले में उनकी टीम द्वारा बनाया गया 158 का स्कोर काफी नहीं था। उन्होंने कहा कि हम अपनी योजना को ठीक से लागू नहीं कर पाए और टीम एक बार फिर हर विभाग में नाकाम रही।
सिर्फ बदला है कप्तान
देखा जाए तो मार्च में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम इंडिया का सिर्फ कप्तान बदला है। पहले सूर्यकुमार यादव कप्तानी कर रहे थे और अब अय्यर कर रहे हैं। बाकी टीम वही है। हां, इस दौरे पर कई युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया है, लेकिन ये वो खिलाड़ी हैं जो आईपीएल में अपना धमाल दिखा चुके हैं और पहले भी भारत के लिए खेल चुके हैं। अय्यर हर मैच के बाद कुछ न कुछ बहाना लेकर आ जाते हैं। अब जरूरत है कि वह अपनी कप्तानी में भारत को पहली जीत दिलाएं।


