अन्तर्राष्ट्रीय

बांग्लादेश में आज मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व में बनेगी अंतरिम सरकार

बांग्लादेश में नोबेल पुरस्कार प्राप्त मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार गुरुवार को कार्यभार संभालेगी। यह जानकारी सेना प्रमुख जनरल वकार-उज-जमां ने दी है। बताया कि सरकार में शामिल लोग गुरुवार को रात आठ बजे शपथ लेंगे।

जनरल जमां ने बताया कि अंतरिम सरकार की सलाहकार परिषद में 15 सदस्य होंगे और उसके मुखिया मुहम्मद यूनुस होंगे। राष्ट्रपति मुहम्मद शहाबुद्दीन ने मंगलवार रात यूनुस को अंतरिम सरकार का प्रमुख नियुक्त किया है। राष्ट्रपति ने यह नियुक्ति शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देकर देश छोड़ने के बाद की है।

सभी पीड़ितों को न्याय मिले- यूनुस
बांग्लादेश के लिए रवाना होने से पहले पेरिस हवाई अड्डे पर यूनुस ने कहा, सरकार के प्रमुख के तौर पर उनकी प्राथमिकता देश में सामान्य स्थिति कायम करने की होगी। देश में स्थिति सामान्य हो और सभी पीड़ितों को न्याय मिले, इसके लिए वह पहले दिन से प्रयास करेंगे।

इस बीच बांग्लादेश के न्यायालय ने मुहम्मद यूनुस को श्रम कानून के उल्लंघन के लिए दी गई छह महीने के कारावास की सजा रद कर दी है। हसीना सरकार के कार्यकाल में दर्ज मामले में यह सजा दी गई थी। यह जानकारी समाचार एजेंसी रॉयटर ने दी है।

खालिदा की पार्टी भी अंतरिम सरकार का हिस्सा होगी
कई मामलों में सजा पाकर 2018 से घर में कैद देश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की मंगलवार को रिहाई हुई है। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की प्रमुख खालिदा ने कहा है कि लोगों ने अपने संघर्ष से असंभव को संभव करके दिखा दिया है। अब गुस्से और बदले की भावना से कार्रवाई नहीं होगी बल्कि प्रेम और शांति से देश का पुनर्निर्माण किया जाएगा। खालिदा की पार्टी भी अंतरिम सरकार का हिस्सा होगी।

बेटे ने कहा, हसीना कुछ दिन भारत में रहेंगी
बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना अभी कुछ दिन भारत में ही रहेंगी। यह बात उनके बेटे सजीब वाजेद जाय ने कही है। सोमवार को ढाका में प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद हसीना अपनी बहन शेख रेहाना के साथ वायुसेना के मालवाही विमान से दिल्ली के नजदीक ¨हडन एयरबेस पहुंची थीं। भारत सरकार ने वहां उन्हें सेफ हाउस रखा है। एक जर्मन अखबार से साक्षात्कार में सजीब ने बताया कि उनकी मां हसीना को कहां रहना है यह उन्होंने अभी तक निश्चित नहीं किया है लेकिन अभी वह भारत में हैं।

Related Articles

Back to top button