राज्य

बिहार में मौसम ने बदली करवट, 11 जिलों में तीसरे दिन भी रहा सर्द दिन

बर्फीली हवाओं का प्रभाव राज्यभर में तीसरे दिन भी बना रहा। ठिठुरन से राज्यभर में जनजीवन प्रभावित हुआ। पटना समेत राज्य के दस जिलों में पारा सामान्य से काफी नीचे होने की वजह से बुधवार को लगातार तीसरे दिन शीत दिवस की स्थिति रही। कई जिलों में धूप नहीं निकला। 

कोहरे की सघनता बढ़ने से सुबह में दृश्यता काफी कम रही। इससे विमान सेवाएं प्रभावित हुईं। ट्रेनों की लेटलतीफी भी जारी है। अधिकतम तापमान में आ रही गिरावट की वजह से मौसम विज्ञान केंद्र पटना की ओर से अगले 24 घंटों में दस जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है। 

जिन जिलों में शीत दिवस है, उनमें पटना, मुजफ्फरपुर, गया, पूर्णिया, भागलपुर, सुपौल, पूर्वी चंपारण, अररिया, दरभंगा और गोपालगंज शामिल हैं। गुरुवार को भी इन जिलों में कोल्ड डे की स्थिति रहेगी। आईएमडी पटना के निदेशक विवेक सिन्हा ने बताया कि लगातार दूसरे दिन सामान्य तापमान में काफी अंतर होने की वजह से इन जिलों में शीत दिवस घोषित किया गया है।

24 जनवरी के बाद ही राहत

मौसम के इस तेवर से सूबे में अगले तीन-चार दिन राहत के आसार नहीं हैं। रात का तापमान भले ऊपर चढ़ेगा लेकिन बारिश और ओला गिरने की वजह से दिन के तापमान की ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। मौसम विज्ञान केंद्र ने येलो अलर्ट जारी कर कहा है कि 22 और 23 जनवरी को पटना सहित राज्य के कई जिलों में बारिश और ओला गिरने के आसार हैं। 24 जनवरी के बाद ही मौसम में आंशिक सुधार होने की उम्मीद है। 21 जनवरी को कुछ जगहों पर ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है।

सामान्य से सात डिग्री नीचे है पटना का पारा

दिन में धूप नहीं निकलने से राज्य के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान और नीचे आया है। पटना का अधिकतम तापमान पिछले 24 घंटों में 1.4 डिग्री नीचे लुढककर सामान्य से सात डिग्री तक नीचे आ गया है। बुधवार को अधिकतम तापमान 14.8 डिग्री पर आ गया। गया में भी 0.9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। यहां अधिकतम तापमान 15.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। 

राज्य में सबसे ठंडा दिन गोपालगंज में रहा, जहां 13.2 डिग्री अधिकतम तापमान रिकार्ड किया गया। भागलपुर में अधिकतम तापमान में आंशिक बढ़ोतरी के बावजूद पारा सामान्य से काफी नीचे बना हुआ है। सारण में तीन डिग्री की गिरावट आई है। यहां अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री है। औरंगाबाद में डेढ़ डिग्री की गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 15.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हालांकि पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी समेत कुछ जिले ऐसे भी हैं, जहां पारा पिछले 24 घंटों में आंशिक रूप से ऊपर चढ़ा है। 

सबसे सर्द रात नवादा की

पटना समेत राज्य के 13 जिलों में अब भी न्यूनतम तापमान दस डिग्री से नीचे है। सबसे सर्द रात नवादा की रही, जहां न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री रिकार्ड किया गया। इसके अलावा बांका में 8 डिग्री, गया और नालंदा में 8.2 डिग्री, बेगूसराय 9.2 डिग्री, खगड़िया में 9.3 डिग्री, औरंगाबाद में 9.5 डिग्री, भागलपुर, अररिया, पूर्णिया और मुजफ्फरपुर में 9.6 डिग्री, पटना और सीतामढ़ी में 9.8 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा।

Related Articles

Back to top button