राज्य

बिहार: रेड्डी ने तेलंगाना पर बिहारियों का राज होने की बात कहते हुए प्रशांत किशोर पर भी बोला हमला

पटना, मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बाद अब तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष ने बिहार के नाम पर नया विवाद खड़ा कर दिया है। ए रेवंत रेड्डी ने तेलंगाना पर बिहारियों का राज होने की बात कहते हुए सीएम चंद्रशेखर राव के डीएनए को बिहारी बताया है। जारी बयान में रेड्डी ने कहा कि चंद्रशेखर राव के पूर्वज बिहार से हैं, जिसे वह खुद स्वीकार कर चुके हैं। क्षेत्रीयता के मसले पर रेड्डी ने चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर पर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री बिहार से आने वाले प्रशांत किशोर की मदद लेकर फैसले ले रहे हैं। इतना ही नहीं उन्होंने पंजाब में पदास्थापित बिहार के अधिकारियों के नाम लेकर भी आपत्ति जताई है। बता दें कि हाल ही में चुनावी सभा के दौरान कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी की मौजूदगी में सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा था कि यूपी-बिहार के भाइयों को पंजाब में घुसने नहीं देंगे। 

ए रेवंत रेड्डी ने कहा कि मुख्य सचिव सोमेश कुमार और कार्यवाहक डीजीपी अंजनी कुमार जैसे बिहार से आने वाले अधिकारियों के साथ मिलकर के चंद्रशेखर राव तेलंगाना की सरकार को चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर प्रशासन प्रमुख सचिव अरविंद कुमार, संदीप कुमार सुल्तानिया समेत राज्य प्रशासन में बड़े अधिकारियों का हिस्सा बिहार से है।

तलवार के दम पर चलती है बिहार की राजनीति

कांग्रेस अध्यक्ष ए रेवंत रेड्डी ने बिहार की सियासत पर भी हमला किया। कहा कि बिहार की राजनीति तलवार के दम पर चलती है। इलेक्शन के दौरान राज्य में हिंसा होती है। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था लचर है। महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। रात में महिलाओं का घर से बाहर निकलना खतरे से खाली नहीं है। रेवंत ने सवाल भी पूछा कि लोग क्या चाहते हैं कि बलिदानों के बाद मिले तेलंगाना पर बिहार बैच राज करे? गौरतलब है कि इसके पहले पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के ‘बिहारी भाइयों’ वाले बयान पर राजनीति गरमा गई थी। उन्होंने कहा था कि हमारे यहां राज करना चाह रहे यूपी, बिहार और दिल्ली के भइयों को पंजाब में घुसने नहीं देना है। इस दौरान चन्नी के साथ कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं। मामले को लेकर पटना के थाने में भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनीष कुमार ने चन्नी के खिलाफ आवेदन दिया था। 

Related Articles

Back to top button