भारतीय मूल की क्लाउड इंजीनियर का UAE में कमाल

आमतौर पर स्टिकी नोट का इस्तेमाल छोटे-मोटे रिमाइंडर या मैसेज लिखने के लिए किया जाता है। लेकिन संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में रहने वाली 29 वर्षीया सीनियर क्लाउड इंजीनियर पुष्पाज्योति रविकुमार ने एक ही स्टिकी नोट पर 150 अलग-अलग शब्द लिखकर एक अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम किया है।
उनकी इस बारीक और साफ लिखावट के लिए उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है।
लिखावट के हुनर के जरिए वर्ल्ड रिकॉर्ड
दुबई की रहने वाली पुष्पाज्योति ने बताया कि वह बचपन से ही गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स से बेहद प्रभावित थीं और लंबे समय से इस वैश्विक मंच का हिस्सा बनना चाहती थीं। दूसरों को रिकॉर्ड बनाते देख उन्हें प्रेरणा मिली, जिसके बाद उन्होंने अपनी लिखावट के हुनर को इस विश्व रिकॉर्ड के जरिए आजमाने का फैसला किया।
रिकॉर्ड के लिए अपनाई खास रणनीति
सीमित जगह में 150 शब्द अटाने के लिए पुष्पाज्योति ने एक खास रणनीति अपनाई। उन्होंने मुख्य रूप से तीन अक्षरों वाले छोटे और आसान शब्दों का चुनाव किया ताकि शब्द आपस में मिक्स न हों और हर शब्द को आसानी से पढ़ा जा सके।
अपनी पहली ही कोशिश में यह इतिहास रचने वाली पुष्पाज्योति को अलग-अलग हैंडराइटिंग स्टाइल के साथ प्रयोग करना पसंद है।
पुष्पाज्योति ने कहा कि इस प्लेटफॉर्म ने उन्हें अपना हुनर दिखाने का मौका दिया और उनका आत्मविश्वास बढ़ाया। उन्होंने कहा कि गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर बनना उनके लिए गर्व की बात है।




