भारत के खिलाफ T20 World Cup 2026 में मुकाबला बायकॉट करना पाकिस्तान को पड़ेगा भारी?

पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 में होने वाले मुकाबले का बहिष्कार करने का फैसला किया है। पाकिस्तान के इस फैसले से उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं और आईसीसी पाकिस्तान पर जुर्माना लगा सकती है। बता दें कि पाकिस्तान सरकार ने भारत के खिलाफ टीम को मैच का बायकॉट करने का आदेश दिया है। पाकिस्तान ने ये फैसला बांग्लादेश के समर्थन में लिया है।
दरअसल, बांग्लादेश ने भारत में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने इनकार कर दिया था। इसके बाद आईसीसी ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया था। अब बांग्लादेश के साथ अपना समर्थन दिखाते हुए पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया है। ऐसे में आईसीसी पाकिस्तान पर बड़ा जुर्माना लगा सकती है।
पाकिस्तान का बायकॉट करने का फैसला
बांग्लादेश के बाहर होने के बाद पाकिस्तान ने भी टूर्नामेंट से नाम वापस लेने की धमकी दी थी। हालांकि, ऐसा करने से उन्हें आईसीसी द्वारा कड़े प्रतिबंधों का सामना करना पड़ता और इसी वजह से उन्होंने भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने का फैसला किया है। पाकिस्तान की सरकार ने टीम को टूर्नामेंट में भाग लेने की अनुमति दे दी लेकिन भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने का आदेश दिया है।
आईसीसी लगा सकती है जुर्माना
पाकिस्तान के इस फैसले के बाद भारत को इस मुकाबले के दोनों अंक मिल जाएंगे। हालांकि, आईसीसी के पास ये अधिकार है कि वे पाक टीम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए भारी जुर्माना लगा सकती है। भारत-पाकिस्तान का मुकाबला बहुप्रतिक्षित मैच होता है और सभी बेसब्री से इंतजार करते हैं। यही नहीं इस मुकाबले से भारी कमाई होती है और इसी वजह से इन दोनों टीमों को हमेशा एक ही ग्रुप में रखा जाता है। हालांकि, पाकिस्तान के मना करने के बाद भारी नुकसान हो सकता है और इसी वजह से आईसीसी पाकिस्तान पर जुर्माना लगा सकती है।
ब्रॉडकास्टर को भारी नुकसान
पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ मुकाबला नहीं खेलने के फैसले से ब्रॉडकास्टर को भारी नुकसान हो सकता है। भारत-पाकिस्तान के मैच की वजह से ही आईसीसी को मीडिया राइट्स से भारी-भरकम कमाई होती है। अब पाकिस्तान के इनकार के बाद ब्रॉडकास्टर को भारी नुकसान हो सकता है और इसके लिए वे आईसीसी से इसकी भरपाई भी मांग सकते हैं।




