उड़ीसाराज्य

भुवनेश्वर पहुंचे हॉकी खिलाड़ियों का भव्य स्वागत

पेरिस ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर ओडिशा लौटी हॉकी टीम का भुवनेश्वर में भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान, पारंपरिक नृत्य और गीत के साथ खिलाड़ियों का स्वागत किया गया।

इसके बाद हॉकी खिलाड़ियों का भव्य रोड शो निकला। लोग अपने विजेताओं की एक झलक पाने के लिए लालायित दिखे।

रोड शो में खिलाड़ियों के साथ खेल मंत्री सूर्यवंशी सुरज भी मौजूद रहे। एयरपोर्ट से राजभवन होते हुए खिलाड़ियों का जुलूस कलिंग स्टेडियम पहुंचा।

एयरपोर्ट से राजभवन के बीच जगह -जगह लोगों ने पारंपरिक नृत्य गीत के साथ जश्न मनाते हुए खिलाड़ियों का स्वागत किया।

पहली बार मिल रहे इस तरह के स्वागत सम्मान से खिलाड़ी भी गदगद दिखे। खिलाड़ियों ने लोगों को हाथ हिलाकर अभिवादन किया।

सीएम ने 15 लाख रुपये का चेक देकर किया सम्मानित
कलिंग स्टेडियम और फिर लोकसेवा भवन में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भारतीय हॉकी टीम के सभी 16 खिलाड़ियों को 15-15 लाख रुपये का चेक देकर स्वागत सम्मान किया।

इसके अलावा, हॉकी टीम के सहायक कर्मचाराियों को भी 10-10 लाख रुपये देकर स्वागत किया गया। टीम के एकमात्र ओड़िया खिलाड़ी अमित रोहिदास को 4 करोड़ रुपये देकर ओडिशा सरकार ने सम्मानित किया।

अमित रोहिदास ने राज्य सरकार को कहा धन्यवाद
अमित रोहिदास ने भुवनेश्वर पहुंचने के बाद मीडिया को बताया कि वह हॉकी को प्रायोजित करने के लिए राज्य सरकार के आभारी हैं। इससे राज्य में नये खिलाड़ियों को हॉकी खेलने के लिये प्रोत्साहन मिलेगा।

बुरे दौर में ओडिशा ने थामा था हाथ
यहां उल्लेखनीय है कि ओडिशा भारतीय हॉकी टीम की प्रायोजक है। हॉकी टीम जब अपने बुरे दौर से गुजर रही थी, और पूरे देश में हॉकी टीम के लिए कोई स्पॉन्सर तक नहीं मिल रहा था।

उस समय ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने हॉकी टीम को अपनाया और हॉकी टीम का प्रायोजक ओडिशा सरकार बनी।

तत्कालीन मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की दूरदर्शी सोच एवं हॉकी खेल को महत्व देने का परिणाम है कि आज हॉकी टीम पूरी दुनिया में अपना परचम लहरा रही है।

2036 तक ओडिशा हॉकी टीम का प्रायोजक
यहां उल्लेखनीय है कि 2036 तक ओडिशा हॉकी टीम का प्रायोजक है। इसी क्रम में जब टीम ओलंपिक खेल में ब्रोंज पदक जीतकर भुवनेश्वर पहुंची है तो फिर ओडिशा सरकार की तरफ से खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया।

राज्य खेलमंत्री सूर्यवंशी सुरज ने कहा है कि आगामी दिनं में हॉकी टीम में अधिक से अधिक ओडिया खिलाड़ी शामिल हों, इसके लिए राज्य सरकार प्रयास करेगी। खेलमंत्री ने कहा कि भारत सरकार 2036 ओलंपिक्स आयोजन करने पर विचार कर रही है।

Related Articles

Back to top button