‘महाराष्ट्र की जनता के साथ गद्दारी बर्दाश्त नहीं करेंगे’, परिसीमन को लेकर संजय राउत ने शरद पवार पर किया हमला

शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (एसपी) के प्रमुख शरद पवार पर निशाना साधा है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब ऐसी खबरें आ रही हैं कि संसद में परिसीमन विधेयक पारित कराने के लिए एनसीपी (एसपी) एनडीए का समर्थन करेगी।
महाराष्ट्र के सतारा जिले में पत्रकारों से बात करते हुए राउत ने कहा, “कहा जा रहा है कि कुछ पार्टियों ने इस बिल का समर्थन करने का फैसला किया है और इनमें नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) भी शामिल है। अगर वे ऐसा फैसला लेते हैं और इसकी घोषणा करते हैं तो यह उनकी पार्टी और महाराष्ट्र के भविष्य के लिए बहुत दुर्भाग्यपूर्ण फैसला होगा।”
राउत का तीखा हमला
राउत ने आगे कहा, “ऐसी पार्टी को भविष्य में फुले-शाहू-अंबेडकर और यशवंतराव चव्हाण का नाम नहीं लेना चाहिए।” फुले, शाहू और अंबेडकर महाराष्ट्र के तीन ऐसे प्रमुख समाज सुधारक हैं, जिनके विचार पूरे महाराष्ट्र और भारत में सामाजिक न्याय, जातिगत समानता, शिक्षा और लोकतंत्र से जुड़ी चर्चाओं को दिशा देते हैं। महाराष्ट्र में सार्वजनिक जीवन, सामाजिक बहसों, शैक्षिक पहलों और सरकारी मान्यता के संदर्भ में अक्सर उनके योगदान और विरासत को याद किया जाता है।
यशवंतराव चव्हाण एक स्वतंत्रता सेनानी और राजनेता थे। वे कांग्रेस नेता, सहकारी आंदोलन के नेता, समाज कार्यकर्ता और लेखक थे। वे नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (एसपी) के नेता शरद पवार के राजनीतिक गुरु भी हैं।
शरद पवार को याद दलाई एनसीपी (एसपी) की ताकत
लोकसभा में एनसीपी (एसपी) की ताकत के बारे में बात करते हुए राउत ने पवार को याद दिलाया कि “एमवीए के तहत आठ सांसद चुनकर आए हैं। इसमें कांग्रेस और शिवसेना शामिल हैं। बीजेपी ने इन्हें जिताने में कोई मदद नहीं की थी। उस मुकाबले में बीजेपी के आठ उम्मीदवार हार गए थे।”
संजय राउत ने कहा, “ऐसी स्थिति में अगर आप एकतरफा फैसला लेते हैं और बीजेपी के साथ खड़े होते हैं तो मुझे नहीं लगता कि महाराष्ट्र की जनता इसे बर्दाश्त करेगी। अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शरद पवार की पार्टी तोड़ी, उनका परिवार तोड़ा। उनके पैरों में जाकर गिरना अपने आत्म-सम्मान को गिरवी रखने जैसा है।”
‘अनिल देशमुख और नवाब मलिक से माफी मांगे’
राउत ने पवार को याद दिलाते हुए कहा कि केंद्र में बीजेपी के शासन के दौरान उनके पार्टी के नेताओं को जेल भेजा गया है। उन्होंने कहा, “…और अगर आप इस मुद्दे पर बीजेपी की मदद करने भी जाते हैं तो पार्टी को अनिल देशमुख से माफी मांगनी चाहिए। उसे नवाब मलिक से भी माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि इन दोनों नेताओं ने अमित शाह और पीएम मोदी के रुख के खिलाफ लड़ाई लड़ी और जेल गए।”
इस कदम को महाराष्ट्र के साथ विश्वासघात बताते हुए राउत ने कहा, “अगर कुछ लोग सत्ता के लिए बीजेपी के साथ हाथ मिलाना चाहते हैं तो महाराष्ट्र, महाराष्ट्र नहीं रह जाएगा। यह महाराष्ट्र के पतन का कारण बनेगा। पीएम मोदी और अमित शाह यही तो करते आ रहे हैं… और उन्हें मजबूत करना महाराष्ट्र और महाराष्ट्र की जनता के साथ विश्वासघात होगा, जिसे हम बर्दाश्त नहीं करेंगे।”





