महाराष्ट्र जिला परिषद चुनाव में भी भाजपा ने लहराया परचम

महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव में शानदार जीत हासिल करने के बाद अब भाजपा ने महाराष्ट्र के जिला परिषद और पंचायत चुनाव में भी जोरदार प्रदर्शन किया है। महाराष्ट्र में बीती 8 फरवरी को जिला परिषद की 731 सीटों और 1462 पंचायत समितियों के लिए मतदान हुआ था। आज उनके नतीजे आ रहे हैं। अभी तक सामने आए नतीजों में भाजपा ने जिला परिषद की 145 सीटों पर बढ़त बना ली है। भाजपा के साथ ही सहयोगी दल शिवसेना ने 85 और अजित पवार की एनसीपी ने 80 सीटों पर बढ़त बना ली है।
जिला परिषद चुनाव में भाजपा का बेहतर प्रदर्शन जारी
भाजपा ने सांगली, सतारा और पनवेल में बढ़त बनाई है। वहीं एनसीपी ने चौंकाते हुए अच्छा प्रदर्शन किया है और अपने गढ़ बारामती में अन्य पार्टियों से काफी आगे है।
बीते दिनों विमान हादसे में अजित पवार के निधन के बाद एनसीपी को सहानुभूति की लहर का फायदा मिलता दिख रहा है।
पहले जिला परिषद और पंचायत चुनाव 5 फरवरी को होने थे, लेकिन अजित पवार के निधन के बाद इन्हें 8 फरवरी तक टाल दिया गया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कोल्हापुर जिला परिषद की 15 सीटों पर एनसीपी आगे चल रही है। वहीं कांग्रेस और भाजपा 13-13 सीटों पर आगे हैं। धाराशिव जिला परिषद की 12 सीटों पर शिवसेना आगे हैं। भाजपा यहां 10 सीटों पर आगे है। शिवसेना यूबीटी यहां पांच सीटों पर आगे चल रही है। एनसीपी और कांग्रेस यहां चार सीटों पर आगे हैं।
लातूर जिले में भाजपा 16 सीटों पर आगे है। दूसरे स्थान पर कांग्रेस है, जो 15 सीटों पर आगे है। एनसीपी यहां 10 सीटों पर और शिवसेना दो सीटों पर आगे हैं।
परभनी जिला परिषद चुनाव में भाजपा, शिवसेना ने अहम सीटों पर जीत दर्ज की है। सांगली जिले में भाजपा 16 सीटों पर आगे है और यहां भाजपा समर्थकों ने जीत की खुशी मनानी शुरू कर दी है।




