जीवनशैली

माइक्रोप्लास्टिक के खतरे से बचना है, तो आज ही करें ये बदलाव

अपनी और अपने परिवार की सेहत के लिए हमारी कोशिश रहती है कि खाना हमेशा ताजा और अच्छे से पका हुआ हो, लेकिन जिस बर्तन में आप खाना बना रहे हैं, क्या वो सुरक्षित है? आमतौर पर खाना बनाने या स्टोर करने के लिए हम प्लास्टिक के कई तरह के बर्तनों का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इनके जरिए हमारे शरीर में माइक्रोप्लास्टिक जा रहा है।

जी हां, प्लास्टिक के बर्तनों या डिब्बों में रखे खाने में प्लास्टिक के बहुत छोटे-छोटे कण घुल जाते हैं, जो आंखों से दिखाई नहीं देते। ये माइक्रोप्लास्टिक हमारे ब्लड के जरिए शरीर के किसी भी हिस्से तक पहुंच सकता है, जो काफी खतरनाक है। इसलिए इससे बचने के लिए खाना बनाने या स्टोर करने के लिए हमेशा लकड़ी, कांच, स्टेनलेस स्टील या कास्ट आयरन के बर्तनों का इस्तेमाल करें। इसके साथ ही, कुछ और बातों का ध्यान रखकर भी माइक्रोप्लास्टिक के जहर से आप अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा कर सकते हैं।

डिब्बाबंद के बजाय खरीदें सूखी दालें और बीन्स
बाजार में कैन में पैक बीन्स और दालें खरीदना भले ही ज्यादा सुविधाजनक लगता है, लेकिन जंग लगने से बचाने के लिए कैन के अंदर प्लास्टिक की एक पतली परत लगाई जाती है। इस परत का केमिकल धीरे-धीरे बीन्स और दालों में मिलता है और फिर आपके शरीर में पहुंचता है। इसलिए कैन में पैक बीन्स आदि खरीदने के बजाय सूखे और खुले राजमा, चने और दालें खरीदें। इन्हें रातभर पानी में भिगोकर बनाएं, इससे सेहत को ज्यादा फायदा मिलेगा।

प्लास्टिक की जगह लकड़ी या मेटल के बर्तन चुनें
गर्म पानी में प्लास्टिक की चम्मच डालना, गर्म खाना प्लास्टिक के डिब्बे में पैक करना या फिर प्लास्टिक के चॉपिंग बोर्ड पर सब्जियां काटने से माइक्रोप्लास्टिक आपके खाने में जाता है। इसलिए अपने किचन में मौजूद प्लास्टिक के बर्तनों की जगह स्टेनलेस स्टील, कास्ट आयरन या पीतल के बर्तनों का इस्तेमाल करें। प्लास्टिक के चॉपिंग बोर्ड की जगह लकड़ी के चॉपिंग बोर्ड का इस्तेमाल करें।

प्लास्टिक ब्लेंडर कप की जगह अपनाएं स्टेनलेस स्टील
प्लास्टिक के ब्लेंडर में खाना पीसते समय अंदर के तेज स्पायरल मोशन की वजह से ब्लेंडर के अंदर की दीवारों पर दबाव पड़ता है। इससे दीवारें रगड़ती हैं और प्लास्टिक के बहुत छोटे-छोटे कण आपे खाने में मिल जाते हैं। इसलिए प्लास्टिक ब्लेंडर की जगह स्टेनलेस स्टील के ब्लेंडर कप का इस्तेमाल करें।

कांच के कंटेनर में खाना स्टोर
प्लास्टिक के डिब्बों में खाना रखने से उसमें माइक्रोप्लास्टिक मिलते हैं। ये सिर्फ गर्म खाने के साथ ही नहीं, बल्कि नॉर्मल तापमान पर भी होता है। इसलिए खाना स्टोर करने के लिए कांच के बर्तनों का इस्तेमाल करें। इससे रोज आपके खाने में मिलने वाले माइक्रोप्लास्टिक्स से आपका बचाव होगा।

Related Articles

Back to top button